
हस्ताक्षर अभियान, शपथ ग्रहण और जनजागरूकता कार्यक्रमों के जरिए लोगों को किया गया जागरूक
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर रविवार को सीएमओ कार्यालय एवं जनपद की विभिन्न स्वास्थ्य इकाइयों में तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान हस्ताक्षर अभियान, तंबाकू निषेध शपथ और जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। प्रभारी सीएमओ एवं नोडल अधिकारी डा.अमित तिवारी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रमों में तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों और इसके सामाजिक व पर्यावरणीय दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि तंबाकू का सेवन फेंफड़े, मुंह, गला, स्वरयंत्र, खाने की नली, मूत्राशय, किडनी, पेट, अग्न्याशय और गर्भाशय मुख सहित कई प्रकार के कैंसर का प्रमुख कारण है। इस वर्ष विश्व तंबाकू निषेध दिवस की थीम तंबाकू और निकोटीन की लत का मुकाबला भ्रामक अपील को उजागर करना रखी गई है। इस दौरान बताया गया कि तंबाकू और निकोटीन उत्पादों को आकर्षक बनाने के लिए अपनाई जा रही भ्रामक रणनीतियों के प्रति लोगों को सचेत करना इस वर्ष की थीम का मुख्य उद्देश्य है। कहा कि तंबाकू सेवन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं को इसके खतरों से अवगत कराना और उन्हें तंबाकू छोडऩे के लिए प्रेरित करना है। जिला सलाहकार डा.रुद्रप्रताप सिंह बुंदेला ने बताया कि जनपद में विभिन्न स्थानों पर जागरूकता गोष्ठियां, प्रचार-प्रसार और सूचना सामग्री के माध्यम से लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों की जानकारी दी जा रही है। उन्होंने लोगों से तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। वहीं, डा.सौरभ ने बताया कि तंबाकू मुंह और फेंफड़ों के कैंसर का प्रमुख कारण है। तंबाकू छोडऩे से रक्तचाप और हृदय गति सामान्य होती है, शरीर में ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ती है तथा कैंसर, हृदयाघात और अन्य गंभीर बीमारियों का खतरा काफी हद तक कम हो जाता है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने तंबाकू सेवन से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



