भरत पुर
कार्यकर्ताओं की सक्रियता व सेवा भाव से ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
भुसावर : भारत विकास परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री विक्रांत खंडेलवाल ने आज स्थानीय शाखा के कार्यकर्ताओं की विद्यापीठ रोड स्थित एक निज निवास पर बैठक ली और कहा कि संगठन की शक्ति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और सेवा भाव से ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है। शाखा की ओर से अध्यक्ष नीरज शर्मा व सचिव राजेन्द्र गर्ग ने संगठन मंत्री व अन्य दायित्वधारियों का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया।
प्रांतीय दायित्वधारी देवकीनंदन सोनी व अंशु मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया कि परिषद के क्षेत्रीय संगठन मंत्री विक्रांत खंडेलवाल ने प्रेरणादायी उद्बोधन द्वारा स्थानीय कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए सम्पर्क व संवाद कर संगठन की विचारधारा एवं उद्देश्यों पर सारगर्भित मार्गदर्शन प्रदान किया। खंडेलवाल ने कहा कि भारत विकास परिषद केवल एक संगठन नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार, समर्पण एवं राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम है। परिषद का प्रत्येक सदस्य एवं दायित्वधारी कार्यकर्ता परिषद के लक्ष्य, उद्देश्य एवं विचारधारा को आत्मसात करते हुए समाज एवं राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाए। खंडेलवाल ने विशेष रूप से परिषद की विचार धारा के मूल स्रोत सदस्यों के संकल्प पत्र, कार्यपद्धति, अनुशासन, संगठनात्मक मूल्यों एवं सेवा भाव पर प्रकाश डालते हुए कहा कि परिषद का मूल ध्येय “स्वस्थ, समर्थ एवं संस्कारित भारत” के निर्माण का है। इस उद्देश्य की पूर्ति हेतु प्रत्येक कार्यकर्ता को संगठन की गरिमा, सेवा भावना एवं राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। साथ ही उन्होंने सबको मिल कर कभी कभी सामूहिक बड़े कार्यक्रम करने तथा शहर की किसी समस्या को चिन्हित करके उसके समाधान हेतु दूरगामी कार्ययोजना बना कर सामूहिक सेवा कार्य करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने यह भी ध्यान दिलाया कि हम ऐसा कुछ करें जिसका परिणाम हम अपनी आंखों के सामने देख सकें और किसी को दिखा सकें।
अध्यक्ष नीरज शर्मा ने शाखा की ओर से कस्बे में संचालित प्रकल्पों की जानकारी दी। संगठन मंत्री खंडेलवाल ने शाखा के सेवा व संस्कार के अंतर्गत संचालित प्रकल्पों की भरपूर प्रशंसा की और शाखा एम्बूलेन्स सेवा के कार्य को अत्यंत ही सराहनीय कदम बताया। इस अवसर पर शाखा के शेरसिंह सैनी, देवकीनंदन सोनी, नीरज शर्मा, राजेन्द्र गर्ग, राजेश गोयल, डा. विजय पहाडिया, प्रकाश जैमन, चंद्रप्रकाश आर्य, पवन अग्रवाल, महिला संयोजिका अनिता सिंघल, पूनम अग्रवाल, प्रीति गर्ग, वीना गोयल एवं बाडी शाखा के दायित्वधारी सुनील मित्तल व लक्ष्मीनारायण बंसल मौजूद रहे।

