संभल

एसडीएम के नेतृत्व में चक मार्ग से हटाया गया अवैध कब्जा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

संभल/गुन्नौर। तहसील क्षेत्र के गांव दौलत खां में सरकारी चक मार्ग पर किए गए अवैध कब्जे को प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हटवा दिया। उपजिलाधिकारी विकास चंद्र के नेतृत्व में राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाया तथा चक मार्ग को पुनः खुलवाकर ग्रामीणों के लिए आवागमन सुचारु कराया।

जानकारी के अनुसार गांव में एक व्यक्ति द्वारा प्लॉटिंग की आड़ में सरकारी चक मार्ग पर कब्जा कर लिया गया था, जिससे ग्रामीणों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों तक पहुंचने पर प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया और मौके पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

निर्धारित कार्यक्रम के तहत एसडीएम विकास चंद्र, राजस्व टीम और भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। अधिकारियों ने चक मार्ग की पैमाइश कराई और कब्जे वाले हिस्से को चिन्हित कर जेसीबी की मदद से अवैध निर्माण व अतिक्रमण हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और अवैध कब्जाधारकों में हड़कंप मच गया। एसडीएम विकास चंद्र ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार सरकारी भूमि, तालाब, चक मार्ग और सार्वजनिक संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त कराने का अभियान लगातार जारी है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। प्रशासन की कार्रवाई के बाद वर्षों से बाधित चक मार्ग खुल जाने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और प्रशासन का आभार जताया। अधिकारियों ने बताया कि जनपद में चिन्हित सरकारी भूमि एवं चक मार्गों को कब्जा मुक्त कराने की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button