AIMIM कार्यालय का उद्घाटन, पाकुड़ में संगठन विस्तार को मिला नया बल
Inauguration of AIMIM office gives fresh impetus to organizational expansion in Pakur.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के नए जिला कार्यालय का उद्घाटन शनिवार को पाकुड़ में किया गया। कार्यक्रम में एआईएमआईएम के एमएलसी सह झारखंड प्रदेश सह प्रभारी रियाज उल हसन एफेंदी, पूर्व विधायक अकील अख्तर, प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद शाकिर अली, प्रदेश महासचिव महताब अली, संथाल परगना प्रभारी डॉ. नसीम अंसारी, प्रदेश महासचिव इंतिखाब अंसारी, रांची के समीर अली, नदीम खान तथा युवा नेता अफीफ अमसल सहित कई नेता उपस्थित रहे। इस अवसर पर नेताओं ने संगठन को मजबूत करने और जनसेवा को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रियाज उल हसन एफेंदी ने झारखंड के महान स्वतंत्रता सेनानियों सिद्धो- कान्हु, बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, चांद-भैरव, फूलो-झानो और नीलांबर-पितांबर को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने राज्य निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को भी सम्मानपूर्वक याद किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं के समाधान का केंद्र बनेगा। यहां आम लोगों की समस्याओं को सुना जाएगा और लोकतांत्रिक तरीके से उनके समाधान के लिए प्रयास किया जायेगा। सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, युवाओं एवं महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने, शिक्षा और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने पर जोर दिया। रियाज उल हसन एफेंदी ने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और गांव-पंचायतों तक पहुंच बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजनीति सेवा का माध्यम है और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाना ही संगठन की जिम्मेदारी है। उन्होंने पाकुड़ क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं का जिक्र करते हुए बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, बेरोजगारी और शिक्षा जैसे मुद्दों पर गंभीरता से कार्य करने की आवश्यकता बताई। साथ ही मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर भी कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए और इसके लिए कार्यकर्ता पंचायत स्तर पर लोगों की सहायता करें। उन्होंने युवाओं, महिलाओं और छात्रों से राजनीति में सक्रिय भागीदारी करने की अपील करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने स्वतंत्र एवं जिम्मेदार मीडिया को लोकतंत्र का मजबूत आधार बताया। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने AIMIM पाकुड़ टीम को शुभकामनाएं देते हुए संगठन को मजबूत करने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान प्रदेश कमेटी के पदाधिकारी, पाकुड़ सहित अन्य जिलों के कार्यकर्ता एवं समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



