कानपुर

प्रधानाचार्या सपना सिंह को राष्ट्रीय ‘पर्यावरण चैंपियन पुरस्कार 2026 मिला

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कानपुर : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बिठूर स्थित रॉयल ड्रीम वर्ल्ड इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या सपना सिंह को पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून द्वारा राष्ट्रीय स्तर के ‘पर्यावरण चैंपियन पुरस्कार 2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान विद्यालय द्वारा वर्षों से किए जा रहे पर्यावरणीय कार्यों एवं प्रधानाचार्या के नेतृत्व में चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान है। देशभर से प्राप्त 100 से अधिक प्रविष्टियों में से चयनित शीर्ष 9 प्रतिभागियों में रॉयल ड्रीम वर्ल्ड इंटर कॉलेज ने अपनी जगह बनाई। उत्तर प्रदेश से कानपुर का प्रतिनिधित्व करते हुए विद्यालय ने पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास,गंगा स्वच्छता, प्लास्टिक मुक्त अभियान तथा जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की। प्रधानाचार्या सपना सिंह के मार्गदर्शन में विद्यालय पिछले कई वर्षों से वृक्षारोपण,जल संरक्षण,गंगा स्वच्छता,अपशिष्ट प्रबंधन,प्लास्टिक उपयोग में कमी तथा पर्यावरण शिक्षा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का संचालन कर रहा है। विद्यालय के विद्यार्थियों को भी प्रकृति संरक्षण से जोड़ने के लिए समय-समय पर विशेष गतिविधियों एवं अभियानों का आयोजन किया जाता रहा है।
देहरादून में आयोजित सम्मान समारोह में प्रधानाचार्या सपना सिंह को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार पद्मश्री सम्मानित लोकगायिका डॉ. माधुरी बर्थवाल, पद्मश्री सम्मानित पर्यावरणविद् कल्याण सिंह रावत, भारतीय वन्यजीव संस्थान की डीन डॉ. रुचि बडोला तथा भारतीय वन्यजीव संस्थान की वैज्ञानिक डॉ. संगीता अंगोम द्वारा प्रदान किया गया। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने इसे विद्यालय के सामूहिक प्रयासों तथा प्रधानाचार्या सपना सिंह के दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम बताया। यह सम्मान न केवल विद्यालय के लिए बल्कि कानपुर एवं उत्तर प्रदेश के लिए भी गौरव का विषय है। पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए विद्यालय ने भविष्य में भी प्रकृति संरक्षण, स्वच्छता, जल संरक्षण एवं सतत विकास के क्षेत्र में निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प व्यक्त किया है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button