बेतुल

बैतूल आंगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

वर्षों की सेवाओं के बावजूद नहीं हो रहा समस्याओं का समाधान 

भारतीय मजदूर संघ पदाधिकारियों की मौजूदगी में कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
बैतूल। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं की लंबित समस्याओं और विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध आंगनवाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संघ ने बुधवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम कलेक्टर को।ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र समाधान की मांग की। ज्ञापन सौंपने के दौरान भारतीय मजदूर संघ के जिला मंत्री पंजाबराव गायकवाड़, सह मंत्री डॉ. गोविंद साहू तथा एकनाथ ठाकुर उपस्थित रहे।
संघ की जिला सचिव मीरा पंडोले, बीना बोरबन ने बताया कि मध्यप्रदेश में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं पिछले कई वर्षों से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर सफलतापूर्वक संचालित कर रही हैं। जन्म पंजीयन से लेकर अनेक लाभकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि कई ऐसे कार्य भी उनसे कराए जा रहे हैं, जो नियमित कर्मचारियों के दायित्वों में आते हैं, जबकि उन्हें केवल अल्प मानदेय प्राप्त होता है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि प्रदेश के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर टीएचआर की आपूर्ति प्रतिमाह और सीधे केंद्र स्तर पर सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए आयु सीमा का बंधन समाप्त कर पदोन्नति के अवसर प्रदान किए जाएं। संघ ने यह भी मांग उठाई कि कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को विभागीय कार्यों के अतिरिक्त अन्य विभागों के कार्यों से मुक्त रखा जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि किसी भी अधिकारी द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं को सेवा से पृथक करने की कार्रवाई न की जाए तथा इस संबंध में अधिकार विभागीय स्तर पर ही सुरक्षित रखे जाएं। साथ ही बच्चों की ग्रीष्मकालीन छुट्टियों के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को भी अवकाश प्रदान करने की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने वालों में जिला सचिव मीरा पंडोले सहित मीरा खातरकर, बीना बोरबन, पूर्णा हारले, प्रभा यादव, सोनम मसराम, बबली बचले, ओमवती दादड़े, अनीता खंडे, ममता परते, जोशना धुर्वे, आशा सोनी, कुसुम खांडवे, हेमकली नर्रे, मुन्नी सिरसाम एवं सुनीता धुर्वे सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाए शामिल रहीं।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button