खैरथल
जिला कलेक्टर ने स्कूलों में धूम्रपान शिकायत बाक्स और धूम्रपान निषेध बोर्ड लगाने के निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में जिला सचिवालय में नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) की जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी, अफीम एवं गांजे की अवैध खेती, अवैध दवाइयों के दुरुपयोग तथा नशा मुक्ति अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता गतिविधियों को भी गति दी जाए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को लक्ष्मण रेखा अभियान के तहत पांच विद्यालयों का चयन कर धूम्रपान शिकायत बॉक्स स्थापित करवाने तथा 1 जुलाई से पूर्व सभी विद्यालयों के प्रवेश द्वार पर धूम्रपान निषेध बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों एवं कॉलेजों में नियमित नशा मुक्ति कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।
जिला कलेक्टर ने आमजन से अपील की कि नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना टोल फ्री नंबर 1933 पर दें, ताकि प्रशासन एवं पुलिस द्वारा त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह, उपनिदेशक समाज कल्याण विभाग रमेश दहमीवाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट, उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. पूरणमल मीणा , जिला शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार मेघ, एसीएफ संजय चौधरी सहित पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



