विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को लेकर राजनीतिक दलों के साथ जिलाधिकारी ने की बैठक
मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर प्रशासन एवं राजनीतिक दलों के बीच समन्वय बैठक आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
उत्तरकाशी : जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विधान सभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने कहा कि निष्पक्ष एवं मजबूत लोकतंत्र के लिए त्रुटिरहित और अद्यतन मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन करेंगे। उन्होंने राजनीतिक दलों से भी अभियान में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया।
बैठक में बताया गया कि 29 मई से 7 जून 2026 तक प्रशिक्षण एवं प्रिंटिंग कार्य संपन्न किया जाएगा। इसके बाद 8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन एवं गणना प्रपत्र भरने का कार्य करेंगे। मतदान केंद्रों का युक्तिकरण 07 जुलाई तक तथा मतदाता सूची के मसौदे का प्रकाशन 14 जुलाई तक किया जाएगा। दावे और आपत्तियां दर्ज करने की अवधि 14 जुलाई से 13 अगस्त तक तथा नोटिस चरण/दावों का निपटान एवं आपत्ति 14 जुलाई से 11 सितंबर तक व अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितम्बर को किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा मृत, स्थानांतरित, अपात्र एवं डुप्लीकेट प्रविष्टियों को हटाकर सूची को अधिक विश्वसनीय एवं अद्यतन बनाना है। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि एन्यूमरेशन चरण के दौरान किसी प्रकार के दस्तावेज एकत्र नहीं किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है अथवा किसी कारण से हट गया है, तो वह प्रारूप-6 एवं घोषणा पत्र के माध्यम से अपना नाम पुनः दर्ज करा सकता है। प्रारूप सूची प्रकाशित होने के बाद प्राप्त सभी दावों एवं आपत्तियों का नियमानुसार निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने राजनीतिक दलों से अपने कार्यकर्ताओं एवं बीएलए के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को एसआईआर अभियान के प्रति जागरूक करने तथा बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करने की अपील की, ताकि अभियान को निष्पक्ष, प्रभावी एवं त्रुटिरहित ढंग से पूरा किया जा सके।
बैठक से पूर्व जिलाधिकारी प्रशांत आर्य द्वारा राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ ईवीएम वेयरहाउस का रूटीन निरीक्षण भी किया गया।
बैठक में बीजेपी से मनोज सिंह, कांग्रेस से दिनेश गौड, प्रदीप सिंह सुधीश पंवार, बीएसपी से बुद्धिलाल, आप से दीपक चन्द रमोला, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन राणा सहित अन्य उपस्थित रहे।



