बोकारो

ग्रीष्मावकाश में विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधि जारी रखने को विद्यालय के टापर विद्यार्थियों ने की विशेष पहल

नोडल शिक्षक ने लिया जायजा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बोकारो। पी एम श्री एस एस +2 उच्च विद्यालय कसमार पोषक क्षेत्र के विद्यार्थियों को ग्रीष्मावकाश में शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़े रखने की विशेष पहल की गई है। विद्यालय के नोडल शिक्षक डॉ अवनीश कुमार झा ने विद्यालय के वर्तमान एवं पूर्ववर्ती टापर छात्र – छात्राओं को एकत्र कर उन्हें क्षेत्र के विद्यार्थियों को ग्रीष्मावकाश अवधि में शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़े रखने की विशेष पहल की है। इस कार्य में विशेष रूप से पूर्ववर्ती टापर छात्र प्रमोद कपरदार,रिया कुमारी,नीतू कुमारी,गौतम कुमार, संध्या कुमारी समेत अन्य वरीय छात्र – छात्राएं मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। झारखण्ड शिक्षा परियोजना परिषद्, रांची से प्राप्त निर्देश के आलोक में ये पूर्ववर्ती छात्र – छात्राएं अपने ज्ञान एवं समर्पण के बल पर अपने पड़ोस के छात्र – छात्राओं को अवकाश अवधि में अपना बहुमूल्य समय देकर उन्हें पढ़ाई से जुड़े रहने में मदद प्रदान कर रहे हैं। इसी क्रम में विद्यालय के अंग्रेजी भाषा के वरीय शिक्षक डॉ अवनीश कुमार झा ने आज कसमार प्रखंड के दो गांवों का भ्रमण कर विद्यार्थियों के अध्ययन व्यवस्था को देखा एवं उनको मार्गदर्शन प्रदान करते हुए टापर विद्यार्थियों के प्रयास की सराहना की। सबसे पहले डॉ झा ने गर्री स्थित देवदत्त कुमार प्रजापति के आवास पहुंच कर उनकी पुत्री नीतू कुमारी द्वारा आस-पड़ोस के बच्चों को अवकाश काल‌ में शिक्षा प्रदान करने की सराहना करते हुए उपस्थित पूर्ववर्ती एवं वर्तमान छात्र – छात्राओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिया और समय की महत्ता से अवगत कराया। तत्पश्चात नोडल शिक्षक धधकिया महिला समिति भवन पहुंचे तथा वहां प्रमोद कपरदार एवं संध्या कुमारी के निर्देशन में छात्र-छात्राओं को उनके द्वारा अवकाशकालीन कक्षा प्रदान करने की सराहना की। उन्होंने सभी उपस्थित छात्र – छात्राओं को प्रतिदिन कम-से-कम दो- दो‌ घंटे सुबह शाम नियमित अध्ययन करने का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर उपस्थित विद्यालय के पूर्ववर्ती छात्र – छात्राओं ने‌ ग्रीष्मावकाश काल में इलाक़े के छात्र – छात्राओं को पढ़ाई में सहयोग करने एवं स्वयं उनको समय निकाल कर पढाने‌ का भरोसा दिया। मौके पर नोडल शिक्षक ने उपस्थित छात्र – छात्राओं,उनके अभिभावकों, ग्रामीणों एवं विद्यालय के मार्गदर्शक छात्र – शिक्षकों को उपहार, लेखनी, पुस्तक, उत्तर – पुस्तिका आदि भेंट कर हौसला अफजाई की। इस अवसर पर गुड़िया देवी, स्वर्णलता, कृष्णानंद झा, आर्या झा समेत दर्जनों छात्र – छात्राएं एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

 

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button