नीलगाय से टकराईं दो बाइकें नीलगाय की मौत पिता-पुत्र तीन घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
संभल/ गुन्नौर : आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर गांव बिचपुरी सैलाब के पास मंगलवार रात दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक और एक नीलगाय की मौत हो गई, जबकि पिता-पुत्र समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों में दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
बुलंदशहर जिले के डिबाई थाना क्षेत्र के मोहल्ला महादेव निवासी नरेश चंद्र अपने पुत्र आकाश के साथ चंदौसी स्थित अपनी बेटी के घर से बाइक द्वारा वापस लौट रहे थे। जब वे गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र में गांव बिचपुरी सैलाब के निकट पहुंचे, तभी अचानक सामने आई नीलगाय उनकी बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
इसी दौरान नरौरा की ओर से आ रहे दूसरी बाइक पर सवार रोहित (19) पुत्र धर्मपाल निवासी गांव मतवई, थाना पतवई, जिला रामपुर तथा उसका साथी विवेक भी सड़क पर गिरी नीलगाय से टकरा गए। हादसे में दोनों युवक और नीलगाय गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुन्नौर भेजा। वहां चिकित्सक डॉ. संदीप यादव ने रोहित को मृत घोषित कर दिया। जबकि विवेक का उपचार किया गया और गंभीर रूप से घायल नरेश चंद्र व आकाश को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतक रोहित के परिजन अस्पताल पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
चौकी प्रभारी रेनू राठी ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे में मरी नीलगाय का भी नियमानुसार दफन कराया जाएगा।



