बोकारो

बोकारो रेलवे ट्रैक किनारे मिला गोमिया के तीन युवकों का शव

इलाके में सनसनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

बोकारो। बोकारो जिले से गुरुवार को एक सनसनीखेज खबर सामने आई है. यहां रेलवे ट्रैक के किनारे एक साथ तीन युवकों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी मच गया. यह मामला बोकारो रेलवे स्टेशन से करीब 9 किलोमीटर दूर लावाटांड़ क्षेत्र का बताया जा रहा है.घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी.

तीनो युवकों की पहचान गोमिया प्रखंड के महुआटांड़ थानाक्षेत्र अंतर्गत टिकाहारा पंचायत के मड़वाडीह गांव निवासी सुरजलाल मांझी का पुत्र बबलू सोरेन, धनीराम मांझी का पुत्र का पुत्र दीपक सोरेन एवं कन्हाई मांझी का पुत्र बाबूराम मुर्मू के रूप में हुई है. तीनो युवकों की उम्र लगभग 17 से 18 वर्ष की बताई जा रही है. तीनो युवक आपस मे गहरे दोस्त थे. बताया जाता है कि तीनों युवक बुधवार की शाम सात बजे मोटरसाइकिल से गांव से निकले थे.
इस संबंध में मृतक बबलू सोरेन की मां बड़की देवी ने बताया कि बबलू सोरेन घर का बड़ा पुत्र था। वह बंगलौर के किसी कम्पनी में सेंट्रिंग मजदूर का कार्य करता था। वहां उसके पिता भी सेंट्रिंग मिस्त्री का कार्य करते थे. बबलू सोरेन बीते 18 मई को बंगलौर से गांव लौटा था. बताया कि बुधवार की शाम लगभग 7-8 बजे घर से मोटरसाइकिल लेकर निकला था। फिर आखरी बार रात के 9-10 बजे उससे मोबाइल से बात हुई. बात करने पर जल्द लौट आने की बात उसने कही थी. इसके बाद गुरुवार की सुबह लगभग आठ बजे इस घटना की सूचना मिली.
बाबूराम मुर्मू की मां ने बताया कि बाबूराम पांच भाईयों में सबसे छोटा था। बुधवार की शाम लगभग पांच बजे शौच जाने की बात कहकर घर से निकला था. देर होने पर काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका पता नही चल पाया. उसके मोबाइल पर फोन करने पर मोबाइल स्विचऑफ मिला। गुरुवार की सुबह आठ बजे उन्हें इस घटना की जानकारी मिली. बताया कि बंगलौर में वह भी सेंट्रिंग मजदूर का कार्य करता था, जो पांच जून को कार्य करने बंगलौर जाने वाला था।
वहीं दीपक सोरेन के परिजनों ने बताया कि वह भी बुधवार की शाम लगभग सात बजे घर से निकला था। रात होने पर काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका पता कहीं नही चल पाया। और गुरुवार की सुबह इन्हें इस घटना की जानकारी मिली थी.

घटना की जानकारी के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है. वहीं इस संबंध में मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है.
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तीनों युवकों की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है.मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है.

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button