बेतुल

बैतूल एनएचएम कर्मचारियों ने हड़ताल के चौथे दिन किया पौधारोपण

संविदा कर्मचारियों पर हो रही कथित अनैतिक कार्रवाई का उठाया मुद्दा, केंद्रीय मंत्री से हस्तक्षेप की मांग

सोशल मीडिया के माध्यम से विशेष मुहिम चलाकर किया प्रदर्शन
मांगों पर समाधान के बजाय हो रही कार्रवाई, केंद्रीय मंत्री को सौंपा ज्ञापन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
बैतूल। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत कार्यरत संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल चौथे दिन भी जारी रही। अपनी 8 सूत्रीय मांगों के समर्थन में आंदोलनरत कर्मचारियों ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से विशेष मुहिम चलाकर अपनी मांगों और समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया।
भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के नेतृत्व में कर्मचारियों ने विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कर्मचारियों ने कहा कि जिस प्रकार एक पौधे को वृक्ष बनने में समय और संरक्षण की आवश्यकता होती है, उसी प्रकार वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दे रहे संविदा कर्मचारियों को भी सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व मिलना चाहिए।
हड़ताल के चौथे दिन कर्मचारियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों, नियमितीकरण, वेतन विसंगति, सामाजिक सुरक्षा और अन्य मुद्दों को जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया। कर्मचारियों ने विभिन्न संदेशों, पोस्ट और जागरूकता सामग्री के माध्यम से अपनी बात शासन-प्रशासन तक पहुंचाई।
– जारी नोटिसों के संबंध में केंद्रीय मंत्री से की चर्चा
इसी क्रम में कर्मचारियों द्वारा एनएचएम की एमडी द्वारा दी जा रही कथित अनैतिक धमकियों एवं अधिकारियों द्वारा जारी नोटिसों के संबंध में केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके से भी चर्चा की गई। कर्मचारियों के अनुसार केंद्रीय मंत्री ने आश्वस्त किया है कि इस संबंध में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराया जाएगा। साथ ही संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की लंबित मांगों के शीघ्र निराकरण के लिए भी सकारात्मक पहल किए जाने पर विचार किया जाएगा।
संघ पदाधिकारियों का कहना है कि प्रदेश के हजारों संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, लेकिन उनकी जायज मांगों का अब तक निराकरण नहीं किया गया है। कर्मचारियों ने एक बार फिर मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर मांगों का शीघ्र समाधान करने की अपील की है।
संघ ने स्पष्ट किया है कि मांगों के निराकरण तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 8 जून को प्रदेशभर के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी भोपाल पहुंचकर मुख्यमंत्री निवास का घेराव भी करेंगे। कर्मचारियों का कहना है कि यदि इसके बाद भी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और अधिक व्यापक बनाया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button