बेतुल
बैतूल चकोरा में जमीन विवाद को लेकर थाना पहुंचा मामला, एसपी से की शिकायत
खरीदी भूमि की नापजोख पर विवाद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। प्रभातपट्टन के ग्राम चकोरा में कृषि भूमि की हिस्सेदारी और स्वामित्व को लेकर विवाद सामने आया है। एक पक्ष ने थाना मुलताई में शिकायत कर आरोप लगाया है कि उनकी बताई गई खरीदी भूमि पर बिना सूचना नापजोख की गई और विरोध करने पर गाली-गलौच व धमकी दी गई। वहीं इसी भूमि को लेकर अधिवक्ता के माध्यम से विधिक नोटिस भेजकर भूमि में हिस्सेदारी बहाल करने तथा 10.50 लाख रुपये की राशि का दावा किया गया है।
थाना मुलताई में दिए गए आवेदन के अनुसार शंकर, गेंदराव और सम्पत ने आरोप लगाया है कि 4 जून को उनकी भूमि खसरा नंबर 228 पर कुछ लोगों द्वारा नापजोख की जा रही थी। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि जानकारी लेने पर विवाद की स्थिति बनी। आवेदन में गाली-गलौच, मारपीट के प्रयास और जान से मारने की धमकी दिए जाने के आरोप लगाए गए हैं तथा कार्रवाई की मांग की गई है।
वहीं शंकर पिता देवलसिंग की ओर से अधिवक्ता के माध्यम से भेजे गए विधिक नोटिस में दावा किया गया है कि ग्राम चकोरा की कुछ कृषि भूमि परिवार के सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से खरीदी गई थी, जिसमें नोटिसदाता पक्ष का भी हिस्सा बनता है। नोटिस में खसरा नंबर 358 और 228/1 से संबंधित भूमि में हिस्सेदारी का दावा करते हुए राजस्व रिकॉर्ड में नाम दर्ज होने की प्रक्रिया पर आपत्ति जताई गई है।
नोटिस में यह भी दावा किया गया है कि संबंधित भूमि से जुड़ी राशि का भुगतान लंबे समय से नहीं किया गया है। इसी आधार पर 15 वर्षों के लिए कुल 10 लाख 50 हजार रुपये की राशि की मांग की गई है। साथ ही भूमि में हिस्सेदारी दर्ज कराने की मांग भी की गई है। पीड़ित पक्ष से संजू कुमरे द्वारा इस मामले की शिकायत एसपी कार्यालय में भी की गई है।


