
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल। बदलती जीवनशैली और तकनीक पर बढ़ती निर्भरता के बीच हड्डियों, जोड़ों और मांसपेशियों से जुड़ी समस्याओं के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में खैरथल क्षेत्र के लोगों को राहत देने के उद्देश्य से शहर के हरसौली रोड स्थित गुप्ता नर्सिंग होम में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त फिजियोथैरेपी सेंटर का शुभारंभ किया गया। सेंटर के शुरू होने से अब मरीजों को उपचार के लिए जयपुर, गुरुग्राम या दिल्ली जैसे बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
उद्घाटन समारोह में उपस्थित अतिथियों ने फीता काटकर सेंटर का शुभारंभ किया। इससे पूर्व प्रमोद केवलानी द्वारा विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना करवाई गई। कार्यक्रम में डॉ. शैलेन्द्र गुप्ता, डॉ. गिरीश गुप्ता, डॉ. दिव्या, मुखी वासदेव दासवानी, श्रवण खंडेलवाल, रूपचंद भारती, फतेह मोहम्मद, नारी नरवानी, दिनेश माखीजा, कमल जोशी, हीरालाल भूरानी, योगेश हेडाऊ, सुनील वासु सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इस अवसर पर डॉ. शैलेन्द्र गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में लंबे समय तक बैठकर काम करने, मोबाइल और कंप्यूटर के अत्यधिक उपयोग तथा शारीरिक गतिविधियों में कमी के कारण कमर दर्द, सर्वाइकल, घुटना दर्द और मांसपेशियों से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक फिजियोथैरेपी सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना समय की मांग थी। अब मरीजों को बड़े शहरों में समय और धन खर्च करने की आवश्यकता नहीं होगी, बल्कि उन्हें खैरथल में ही विशेषज्ञों की देखरेख में बेहतर उपचार मिल सकेगा।
उद्घाटन के बाद अतिथियों ने सेंटर में स्थापित आधुनिक मशीनों और चिकित्सा सुविधाओं का अवलोकन किया। फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. दिव्या ने बताया कि सेंटर में सर्वाइकल, कमर दर्द, घुटना दर्द, सायटिका, फ्रोजन शोल्डर, पैरालिसिस, मस्क्यूलर डिस्ट्रॉफी, हाथ-पैरों में सुन्नपन, लिगामेंट इंजरी तथा ऑपरेशन के बाद जोड़ों में होने वाली जकड़न जैसी समस्याओं का उपचार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मरीजों के उपचार के लिए टीईएनएस, आईएफटी, मसल स्टिम्युलेटर और अल्ट्रासोनिक थेरेपी जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। अतिथियों ने सेंटर की स्थापना को खैरथल क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए इसे आमजन के लिए लाभकारी पहल करार दिया और शुभकामनाएं दीं।


