बरेली
नेशनल चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने पर एसआरएमएस में महिला टीम का सम्मान
पहला राष्ट्रीय पदक जीतने पर यूपी टीटी टीम सम्मानित

विमेंस डबल्स में कांस्य पदक लाने आरती चौधरी और अवनी त्रिपाठी को 30 हजार का पुरस्कार
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली : एसआरएमएस इंजीनियरिंग कालेज परिसर स्थित इनडोर स्टेडियम में आयोजित 13वें श्रीराम मूर्ति मेमोरियल फर्स्ट यूपी स्टेट रैंकिंग टेबल टेनिस टूर्नामेंट के दौरान यूपी की महिला टेबल टेनिस टीम के सदस्यों को सम्मानित किया गया। नेशनल टेबल टेनिस चैंपियनशिप में पहली बार कोई पदक जीतने पर महिला टीम की पांच सदस्यों को 6000-6000 रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। टीम की दो खिलाड़ियों आरती चौधरी और अवनी त्रिपाठी को विमेंस डबल्स में कांस्य पदक लाने 30 हजार का नकद पुरस्कार अलग से दिया गया। इस दौरान टीम के दोनों कोच को भी नकद पुरस्कार दिया गया। एसआरएमएस ट्रस्ट के सेक्रेटरी आदित्य मूर्ति, यूपीटीटीए के सेक्रेटरी अरुण बनर्जी, निर्मोय मित्रा ने पुरस्कार प्रदान किया।
एसआरएमएस सीईटी परिसर स्थित ऑडिटोरियम में उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ यूपीटीटीए द्वारा मेडल धारक खिलाड़ियों के लिए अभिनंदन समारोह आयोजन किया गया है। इसमें बरेली टेबल टेनिस संघ ने प्रत्येक खिलाड़ी एवं टीम कोच को नकद पुरस्कार देकर से सम्मानित किया। समारोह में एसआरएमएस ट्रस्ट के सचिव आदित्य मूर्ति ने यूपी टीम की सभी महिला सदस्यों का स्वागत किया और उन्हें नेशनल चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आपकी यह जीत प्रदेश की सभी महिला खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है, जो टेबल टेनिस खेल रही हैं। भविष्य में आप सभी राष्ट्रीय चैंपियनशिप में गोल्ड लाकर प्रदेश का नाम रोशन करने के साथ ही अपने शहर और परिवार का भी मान सम्मान बढ़ाने का प्रयास करें। डिस्ट्रिक्ट टेबल टेनिस एसोसिएशन बरेली के सचिव डॉ. दीपेंद्र कमथान ने यूपी की महिला टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पहली बार यूपी की टीम ने नेशनल चैंपियनशिप में कोई पदक हासिल किया है। यह हम सबके लिए गर्व की बात होने के साथ ही बरेली टेबल टेनिस एसोसिएशन और एसआरएमएस के लिए और भी सौभाग्य की बात है। क्योंकि नेशनल चैंपियनशिप में जाने से पहले उत्तर प्रदेश टेबल टेनिस संघ (यूपीटीटीए) की ओर से हमें कैंप लगाने की जिम्मेदारी दी गई थी। जो एसआरएमएस सीईटी स्थित इनडोर स्टेडियम में आयोजित किया गया। यहीं से तैयारी के बाद महिला टीम नेशनल चैंपियनशिप में शामिल होने गई और पहली बार पदक हासिल कर इतिहास बनाया। उन्होंने कहा कि पहली बार एसआरएमएस इनडोर स्टेडियम में कैंप लगाया गया और पहली ही बार महिला टीम को कांस्य पदक हासिल हुआ। इसमें एसआरएमएस का लक फैक्टर भी शामिल है। अभिनंदन समारोह में महिला टीम की सदस्य आरती चौधरी, अवनी त्रिपाठी, दिशा, अंबिका गुप्ता और एलोना मिश्रा को 6000-6000 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। नेशनल विमेंस डबल्स में कांस्य पदक जीतने वाली आरती चौधरी और अवनी त्रिपाठी को 15000-15000 रुपये का नकद पुरस्कार अलग से प्रदान किया गया। महिला टीम के कोच पराग अग्रवाल और सौरभ पोद्दार को भी 5000-5000 रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह में बरेली टेबल टेनिस एसोसिएशन ने भी प्रत्येक खिलाड़ी और कोच को 5000-5000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया। इस दौरान यूपीटीटीए के ट्रेजरार राजेश सिंह, संयुक्त सचिव सर्वेश कुमार, एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट योगेंद्र गौतम, चेयरमैन टेक्निकल कमेटी एनके लाहिरी, डा.नितिन सक्सेना और शंकर पाल मौजूद रहे।



