जालौन
जिले में पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा प्रथम दिवस पारदर्शी, शांतिपूर्ण हुई
दोनों पालियों में 5,118 अभ्यर्थी हुए उपस्थित, 1,410 रहे अनुपस्थित

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई (जालौन)। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 का प्रथम दिवस जनपद में नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सकुशल संपन्न हुआ। परीक्षा के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की गई तथा सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए गए।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा केंद्र व्यवस्थापकों एवं ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन तलाशी, सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में यह परीक्षा 8, 9 एवं 10 जून 2026 को प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जा रही है। जनपद में कुल 9 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं तथा तीन दिनों की कुल छह पालियों में 19,584 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। प्रत्येक पाली में 3,264 अभ्यर्थियों के लिए व्यवस्था की गई है। प्रथम दिवस की प्रथम पाली में कुल 3,264 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 2,556 अभ्यर्थी उपस्थित रहे, जबकि 708 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इसी प्रकार द्वितीय पाली में 3,264 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 2,562 अभ्यर्थी उपस्थित हुए तथा 702 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार दोनों पालियों में कुल 6,528 अभ्यर्थियों में से 5,118 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए, जबकि 1,410 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। परीक्षा केंद्रों के भीतर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस एवं अन्य संचार माध्यमों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रखा गया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।


