गोड्डा
वरिष्ठजन सहायता एवं सुविधा केंद्र’ का शुभारंभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली तथा झारखंड विधिक सेवा प्राधिकरण रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष पीडीजे रमेश कुमार एवं सचिव दीपक कुमार के मार्गदर्शन में नियमित रूप से विशेष जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में वृद्धाश्रम परिसर में वरिष्ठ नागरिक सहायता एवं सुविधा केन्द्र की स्थापना की गई। मौके पर डालसा टीम में शामिल अधिकार मित्र नवीन कुमार, अविनाश सिंहा, मिथुन कुमार महतो आदि ने बताया कि इसका उद्देश्य जिले के वरिष्ठ नागरिकों को कानूनी सहायता प्रदान करने, उन्हें कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने, ‘माता-पिता व वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम 2007’ के तहत सुविधाएं उपलब्ध कराने सहित विवाद, दुर्व्यवहार, शोषण, उपेक्षा और संपत्ति से संबंधित मुद्दों पर भी सहायता दी जाएगी। इन केंद्रों को जिले के सभी प्रखंड कार्यालयों, वृद्ध आश्रमों और सभी बैंक शाखाओं में स्थापित किया जा रहा है। प्रत्येक सहायता केंद्र में 02 ‘अधिकार मित्र’ (पीएलवी) नियुक्त किए गए हैं ताकि वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर सेवा मिल सके। यह कार्यक्रम पूरे जून माह तक चलेगा। इसका लक्ष्य वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें सहायता प्रदान करना है। इस अवसर पर वृद्धाश्रम के संचालक अमित कुमार, वरिष्ठ नागरिक अश्वनी कुमार झा, शांति देवी, कौशल्या देवी, उत्तमा देवी, रेखा देवी, पोचनी देवी, अर्जुन प्रसाद यादव, जागेश्वर प्रसाद यादव, फिरोजी आदि उपस्थित थे।



