
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के साथ की अहम चर्चा
एसडीपीओ की अपराध नियंत्रण पर जोर
महागामा। महागामा अनुमंडल पुलिस कार्यालय में पुलिस प्रशासन और चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाजार क्षेत्र की सुरक्षा, व्यापारियों की समस्याएं, अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक ने की। इस दौरान महागामा पुलिस निरीक्षक उपेंद्र महतो एवं थाना प्रभारी मनोज कुमार पाल भी मौजूद रहे। बैठक में व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने, रात्रि गश्ती बढ़ाने, साइबर ठगी पर रोक लगाने तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग उठाई। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कदम उठाने का भरोसा दिलाया। एसडीपीओ वरुण रजक ने कहा कि व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने व्यापारियों से अपने-अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने तथा किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 का उपयोग करने की अपील की। बैठक के दौरान साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, नकली नोटों के प्रचलन, चोरी एवं लूट जैसी घटनाओं की रोकथाम को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। सुरक्षा के मुद्दे पर पुलिस का सख्त संदेश पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि बाजार क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है असामाजिक तत्वों, अपराधियों और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। व्यापारियों से भी कानून – व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई।बैठक के अंत में पुलिस और व्यापारियों ने आपसी समन्वय के साथ सुरक्षित, शांतिपूर्ण और अपराधमुक्त महागामा के निर्माण का संकल्प लिया। इस दौरान चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय व्यापारी उपस्थित थे।



