आशा की किरण फाउंडेशन द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ

कानपुर : आर्य नगर स्थित गैंजेस क्लब में आशा की किरण फाउंडेशन द्वारा शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण कार्यकारी बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें आगामी सांस्कृतिक कार्यक्रम “मुस्कान उत्सव 2026” की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई। यह कार्यक्रम 14 जून 2026 को शाम 6:30 बजे से मर्चेंट्स चैंबर में आयोजित किया जाएगा। मुस्कान उत्सव में आशा की किरण फाउंडेशन द्वारा निःशुल्क शिक्षा प्राप्त कर रहे 150 से अधिक वंचित एवं जरूरतमंद बच्चे विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को एक ऐसा मंच प्रदान करना है जहाँ वे अपने आत्मविश्वास,कला और सपनों को समाज के समक्ष प्रस्तुत कर सकें। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना मुख्य अतिथि के रूप में तथा उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री अजीत पाल सिंह सह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर समाज के विभिन्न गणमान्य नागरिकों एवं विशिष्ट अतिथियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि मुस्कान उत्सव केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उन बच्चों के संघर्ष, मेहनत और सपनों का उत्सव है जिन्हें आशा की किरण फाउंडेशन पिछले कई वर्षों से निःशुल्क शिक्षा,स्टेशनरी एवं अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर सशक्त बनाने का कार्य कर रही है। संस्था वर्तमान में विभिन्न शिक्षा केंद्रों के माध्यम से सैकड़ों बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस महत्वपूर्ण बैठक में कार्यक्रम को सफल एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इस बैठक में फाउंडेशन के संरक्षक अनिल जैन एवं सलाहकार प्रमोद पांडेय, अध्यक्ष विपुल जैन,महासचिव वैष्णवी सक्सेना,उपाध्यक्ष ऋषभ जैन,मीडिया प्रभारी अचिन अरोड़ा,कार्यक्रम संयोजक अनूप जैन,अमोद जैन एवं वीरेंद्र गुलाटी मौजूद रहे।



