हजारीबाग
किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आम उत्सव सह बागवानी मेला का आयोजन।
विभिन्न किस्मों के आम एवं आम से बने उत्पादों का हुआ प्रदर्शन और विक्रय।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हज़ारीबाग उपायुक्त के निर्देशानुसार ग्रामीण विकास विभाग (मनरेगा) एवं जेएसएलपीएस, हजारीबाग द्वारा बिरसा हरित ग्राम योजना के अंतर्गत शुक्रवार को झील परिसर स्थित एम्फीथिएटर में आम उत्सव सह बागवानी मेला का आयोजन किया गया। मेले का उद्घाटन उप विकास आयुक्त रिया सिंह एवं महापौर अरविंद राणा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मेले में जिले के विभिन्न प्रखंडों के किसानों, आम उत्पादकों तथा जेएसएलपीएस के स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्टॉल लगाकर आम एवं आम से निर्मित उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया गया। मेले में मियांजाकी, आम्रपाली, स्वर्णरेखा, तोतापरी, मालदा, मलिका, हिमगिरी, हिमसागर, अल्फांसो, दशहरी एवं लंगड़ा सहित विभिन्न किस्मों के आम प्रदर्शित किए गए। इसके अतिरिक्त आम का अचार, लड्डू, चटनी, मुरब्बा, जेली एवं आमचूर जैसे उत्पाद भी बिक्री हेतु उपलब्ध रहे। कार्यक्रम के दौरान आम उत्पादक किसानों ने अपने अनुभव साझा किए तथा आम उत्पादन की संभावनाओं एवं तकनीकों की जानकारी दी। किसानों ने बागवानी आधारित आजीविका को बढ़ावा देने तथा अन्य किसानों को इससे जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उपायुक्त, उप विकास आयुक्त रिया सिंह एवं महापौर अरविंद राणा ने मेले में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया तथा प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि मेले का उद्देश्य बिरसा हरित ग्राम योजना के अंतर्गत विकसित आम बागानों से प्राप्त उत्पादन के विपणन को प्रोत्साहित करना तथा किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन उत्पादकों एवं व्यापारियों के बीच समन्वय स्थापित करने में सहायक होंगे तथा किसानों, विशेषकर महिला किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य प्राप्त करने में मदद करेंगे। आम उत्सव सह बागवानी मेला का आयोजन प्रत्येक वर्ष किया जाएगा। उन्होंने मीडिया से अपील करते हुए कहा कि आम नागरिकों एवं व्यापारी वर्ग तक जिला प्रशासन की इस पहल को पहुंचाने का कार्य करें ताकि व्यापारी वर्ग भी इस उत्सव में शामिल होकर इसका लाभ प्राप्त करें। उप विकास आयुक्त रिया सिंह ने कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना के अंतर्गत लगाए गए आम के पौधों से अब उत्पादन प्राप्त होने लगा है। किसानों को उनके उत्पाद का बेहतर मूल्य दिलाने तथा स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस मेले का आयोजन किया गया है। उन्होंने आम नागरिकों एवं व्यापारियों से मेले में शामिल होकर इसका लाभ उठाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान आम उत्पादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आम उत्पादक किसानों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अधिकारियों ने किसानों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बागवानी आधारित कृषि को और बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया। आम उत्सव सह बागवानी मेला झील परिसर स्थित एम्फीथिएटर में रविवार तक आयोजित रहेगा, जहां आम एवं आम से निर्मित विभिन्न उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जाएगा।




