बागपत

प्रेम प्रसंग में पति बना बाधा, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर की किसान सचिन की हत्या

बागपत पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत। कोतवाली बागपत पुलिस ने ग्राम नौरोजपुर गुर्जर निवासी किसान सचिन हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए उसकी पत्नी रचना को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि रचना ने अपने प्रेमी सोनू के साथ मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या की थी। हत्या से पहले सचिन को खीर में नींद की गोलियां मिलाकर खिलाई गई थीं, ताकि वह बेहोश हो जाए और वारदात को आसानी से अंजाम दिया जा सके। पुलिस ने आरोपी महिला की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तकिया भी बरामद कर लिया है, जबकि फरार प्रेमी की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं।
रविवार शाम करीब पांच बजे आयोजित प्रेसवार्ता में डीएसपी एवं क्षेत्राधिकारी बागपत सुकन्या शर्मा ने बताया कि 13 जून को नवीन पुत्र निवासी नौरोजपुर गुर्जर ने कोतवाली बागपत में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी भाभी रचना, उसके प्रेमी सोनू निवासी रंछाड़ तथा एक अन्य युवक ने मिलकर उसके भाई किसान सचिन की हत्या कर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी थी।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, परिजनों से पूछताछ की तथा विभिन्न साक्ष्य जुटाए। संदेह के आधार पर मृतक की पत्नी रचना को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। प्रारंभिक पूछताछ में वह पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई और साक्ष्य सामने रखे गए तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में रचना ने बताया कि उसके सोनू के साथ लंबे समय से अनैतिक संबंध थे। पति सचिन को इस संबंध की जानकारी हो गई थी और वह लगातार इसका विरोध कर रहा था। इसी कारण दोनों ने सचिन को रास्ते से हटाने की साजिश रची। योजना के तहत पहले सचिन को खीर में नींद की गोलियां मिलाकर खिलाई गईं। जब वह गहरी नींद में चला गया तो रचना और सोनू ने तकिये से उसका मुंह दबाकर तथा गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों ने मामले को सामान्य मौत का रूप देने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों के संदेह और पुलिस की जांच में सच्चाई सामने आ गई। पुलिस ने आरोपी महिला की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तकिया बरामद कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं।
सीओ सुकन्या शर्मा ने बताया कि आरोपी महिला को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं फरार आरोपी सोनू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले में अन्य किसी व्यक्ति की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे के बाद नौरोजपुर गुर्जर गांव में चर्चा का माहौल है। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है और सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button