कानपुर
श्री माहेश्वरी नवयुवक मंडल द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कानपुर : श्री माहेश्वरी नवयुवक मंडल द्वारा महेश नवमी महोत्सव के उपलक्ष्य में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। ग्रीन पार्क में बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता जबकि माहेश्वरी धर्मशाला में फन गेम्स आयोजित किए गए। प्रतियोगिताओं में बच्चों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस प्रतियोगिता को जूनियर और सीनियर वर्ग में विभाजित किया गया। बैडमिंटन जूनियर बालक वर्ग में सम्भव काल्या ने शयेरान्श को 11-6, 11-8 से हराया, जबकि जूनियर बालिका वर्ग में सुचिता विजेता रहीं। सीनियर वर्ग में मधुर करनानी ने विजय महोता को 11-6, 11-5 से पराजित किया। टेबल टेनिस जूनियर वर्ग में आदविक शिवम मूंदड़ा ने सम्भव काल्या को 3-0 से हराया। सीनियर वर्ग में माधव मल ने मधुर करनानी को 12-10, 11-8, 8-11 से शिकस्त दी। फन गेम्स में बच्चों ने जमकर आनंद लिया, वहीं कैरम और शतरंज प्रतियोगिता भी जारी रही। मंडल के मीडिया संयोजक रोहित कुमार सारड़ा ने बताया कि महेश नवमी महोत्सव 23 जून 2026 को मनाया जाएगा। सुबह माहेश्वरी धर्मशाला से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो कमला टावर, सिरकी मोहाल, काहू कोठी, नयागंज चौराहा, बिरहाना रोड और फूलबाग होते हुए नानाराव पार्क स्थित श्याम महोत्सव स्थल पहुंचेगी। इस बार शोभायात्रा वापस धर्मशाला न जाकर सीधे महोत्सव स्थल पहुंचेगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माहेश्वरी लॉजिस्टिक के चेयरमैन नीरज लढ़ा होंगे वही भगवान महेश की आरती के साथ मेधावी छात्राओं एवं प्रतियोगिता विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।



