ललितपुर

दबंगों ने आदिवासी महिला के घर में लगाई आग, गृहस्थी का सामान जलकर राख

मकान पर कब्जे का विरोध करने पर मारपीट व धमकी का आरोप, सहरिया बस्ती के रास्ते पर भी कब्जे की शिकायत

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
ललितपुर। थाना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम महर्रा में एक आदिवासी महिला के मकान पर अवैध कब्जे के प्रयास और आगजनी का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने उसके घर में आग लगा दी, जिससे घर में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया। घटना के विरोध में पीडि़ता ग्रामीणों के साथ मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंची और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की। ग्राम महर्रा निवासी माना आदिवासी पत्नी स्व.देवेन्द्र आदिवासी द्वारा दिए गए शिकायती पत्र में बताया गया कि गांव की सीमा एवं उसकी सहयोगी सरोज काफी समय से उसके मकान पर कब्जा करने का प्रयास कर रही थीं। आरोप है कि मंगलवार सुबह करीब 10 बजे दोनों महिलाएं 10 से 12 अज्ञात लोगों के साथ लाठी-डंडों से लैस होकर उसके घर पहुंचीं और मकान पर जबरन कब्जा करने का प्रयास करने लगीं। पीडि़ता के अनुसार जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की। इसके बाद सभी ने मिलकर उसके मकान में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया और घर में रखा घरेलू सामान, कपड़े, बर्तन एवं अन्य आवश्यक वस्तुएं जलकर नष्ट हो गईं। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक पीडि़ता को भारी नुकसान हो चुका था। पीडि़ता ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। पुलिस के पहुंचने की जानकारी मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते समय उन्होंने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने गांव की सहरिया बस्ती के मुख्य निकास मार्ग पर भी अवैध कब्जा कर रखा है। बस्ती के लोग जब इसका विरोध करते हैं तो उन्हें धमकाया जाता है और उनके मकानों पर बुलडोजर चलाने की बात कही जाती है। इससे पूरी बस्ती के लोग भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। पीडि़ता ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की कार्रवाई कराने तथा हुए नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है। ज्ञापन पर माना आदिवासी के साथ महेन्द्र, हीरालाल, शिवम, देवेन्द्र, कृष्णा, केसर, रामवती सहित कई ग्रामीणों ने हस्ताक्षर एवं अंगूठे के निशान कर अपना समर्थन दर्ज कराया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button