ललितपुर
ग्रेट निकोबार में पेड़ों की कटाई के विरोध में कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान
हजारों लोगों ने दिया समर्थन

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
ललितपुर। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के ग्रेट निकोबार क्षेत्र में प्रस्तावित विकास परियोजना के लिए बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा.दयाराम रजक के नेतृत्व एवं नगर अध्यक्ष रामनरेश दुबे के संचालन में शहर के विभिन्न स्थानों पर लगाए गए बैनरों पर हजारों लोगों ने हस्ताक्षर कर पर्यावरण संरक्षण के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की। जिलाध्यक्ष डा.दयाराम रजक ने कहा कि ग्रेट निकोबार में प्रस्तावित विकास परियोजनाओं के लिए बड़े पैमाने पर वन क्षेत्र के उपयोग और पेड़ों की कटाई को लेकर पर्यावरणविदों, सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के अंतर्गत बंदरगाह, हवाई अड्डा, टाउनशिप तथा अन्य आधारभूत ढांचों का निर्माण प्रस्तावित है, जिसके लिए केन्द्र सरकार द्वारा लगभग 130.75 वर्ग किलोमीटर वन भूमि के उपयोग की मंजूरी दी गई है। इससे लाखों पेड़ प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण विशेषज्ञों का मानना है कि वास्तविक संख्या सरकारी आंकड़ों से कहीं अधिक हो सकती है। ग्रेट निकोबार के घने वर्षावनों में पेड़ों का घनत्व अत्यधिक होने के कारण बड़े पैमाने पर जैव विविधता, वन्यजीवों और स्थानीय आदिवासी समुदायों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। कांग्रेस पार्टी और पर्यावरण कार्यकर्ताओं ने परियोजना की पुन: समीक्षा की मांग करते हुए इसे द्वीपों के नाजुक पारिस्थितिक तंत्र के लिए गंभीर खतरा बताया है। नगर अध्यक्ष रामनरेश दुबे ने कहा कि अंडमान-निकोबार द्वीप समूह अपनी समृद्ध जैव विविधता, दुर्लभ वनस्पतियों और आदिवासी समुदायों के लिए विश्वभर में जाना जाता है। विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यदि बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई होती है तो इसका सीधा असर वन्यजीवों, पक्षियों और स्थानीय समुदायों के जीवन पर पड़ेगा। मनरेगा प्रभारी जसपाल सिंह ने बताया कि हस्ताक्षर अभियान का यह अंतिम दिन था। इससे पूर्व घंटाघर, कचहरी, स्टेशन रोड, कंपनी बाग सहित शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर अभियान चलाकर आमजन को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर इस अभियान में भाग लिया और पेड़ों को बचाने के समर्थन में हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश रजक, शशिकांत दीक्षित, रामसिंह यादव, राजा राजपाल सिंह, खलक सिंह राजपूत, उपदेश सेन, समरथ कुशवाहा, राहुल सेन, जगभान सिंह बुंदेला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं नागरिक मौजूद रहे।



