ललितपुर

विश्व मलखम दिवस पर बच्चों ने दिखाया अद्भुत कौशल

समर कैम्प का हुआ भव्य समापन

बच्चों ने किया मलखंभ का प्रदर्शन, मिली सराहना
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो।
ललितपुर। भारत सेवा मंडल व्यायामशाला में विश्व मलखम दिवस के अवसर पर समर कैम्प समापन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीहनुमानजी के पूजन-अर्चन के साथ प्रतिभागी बच्चो व बच्चियों ने सूर्य नमस्कार किया। साथ ही मलखम का विशेष प्रदर्शन किया। जिसे देख दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। इस अवसर पर मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी मनमोहन जडिय़ा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष अशोक पटेरिया, प्रेस क्लब के पूर्व कोषाध्यक्ष रमेश रायकवार, पत्रकार आकाश ताम्रकार सहित अनेक सहयोगी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कैंप के दौरान बच्चों ने नियमित अभ्यास कर कमियों को दूर करने का प्रयास किया। समारोह के दौरान व्यायामशाला के बच्चों ने मलखम पर अपनी उत्कृष्ट पकड़, संतुलन, संयम एवं शारीरिक दक्षता का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न करतबों और व्यायाम कौशल ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दर्शकों ने तालियों की गडग़ड़ाहट के साथ बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रदर्शन के माध्यम से बच्चों ने यह साबित किया कि नियमित अभ्यास और अनुशासन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। समापन समारोह में बच्चों ने अपने अनुभव साझा किए और प्रशिक्षण से हुए लाभों के बारे में बताया।प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समापन कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षकों द्वारा सभी बच्चों को स्वल्पाहार वितरित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी मनमोहन जडिय़ा ने बच्चों को संतुलित आहार, स्वस्थ दिनचर्या और विभिन्न खेलों के अनुरूप खानपान के महत्व की जानकारी देते हुए उन्हें आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में खेल भावना, आत्मविश्वास और शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अवसर पर प्रेस क्लब महामंत्री अमित सोनी, पत्रकार रमेश रैकवार, पत्रकार आकाश ताम्रकार, पत्रकार संजय नायक, कल्लू बबेले, मदन शर्मा, अमित तिवारी, कमलेश साहू, धर्मेंद्र चौबे, हरि पहलवान, गुलजारी दाउ, शैलेंद्र, राजा भैया, अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी, अभिभावक एवं भारत सेवा मण्डल व्यायामशाला के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भारत सेवा मंडल के संरक्षक बृजेश चतुर्वेदी, महेश राठौर ने किया। कार्यक्रम के अंत में भारत सेवा मंडल के अध्यक्ष मानू शर्मा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button