
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
चौसाना : झिंझाना क्षेत्र में केबल चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। खेतों में लगे ट्यूबवेल, बिजली की केबल, स्टार्टर और कृषि उपकरण चोरों के निशाने पर हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसानों में भय और रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोह किसानों की मेहनत पर पानी फेर रहा है, जिससे खेती-किसानी का कार्य प्रभावित हो रहा है।
गांव काला माजरा निवासी किसान ओम सिंह ने बताया कि उन्होंने दो दिन पहले करीब चार हजार रुपये की लागत से स्प्रे करने वाली टंकी खरीदी थी। फसलों में दवा का छिड़काव करने के बाद उन्होंने टंकी को खेत में ही रख दिया था, क्योंकि अगले दिन भी स्प्रे करना था। इसके साथ ही खेत में फावड़ा, स्टार्टर और अन्य कृषि उपकरण भी रखे हुए थे। मंगलवार सुबह जब वह खेत पर पहुंचे तो स्प्रे टंकी, फावड़ा, केबल तथा स्टार्टर का सामान गायब मिला। चोरी की घटना का पता चलते ही किसान के होश उड़ गए।
ओम सिंह ने बताया कि उनके अलावा गांव के ही किसान सतीश और सुबोध के खेतों से भी केबल काटकर चोरी की गई है। लगातार हो रही घटनाओं से किसानों में दहशत का माहौल है। किसानों का कहना है कि ट्यूबवेल और कृषि उपकरण उनकी आजीविका का मुख्य आधार हैं, लेकिन चोरों की वजह से उन्हें बार-बार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में केबल चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, लेकिन अब तक चोरों पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया है। किसानों ने मामले की सूचना पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने तथा केबल चोर गिरोह का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। लगातार हो रही चोरियों से किसानों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।



