गाजियाबाद

9 करोड़ की लागत से सेवा धाम में बनेगा नया विद्युत उपकेंद्र

50 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद  : सेवा धाम क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 9 करोड़ रुपये की लागत से नया 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र स्थापित किया जाएगा। इस परियोजना के लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने ऊर्जा निगम को निशुल्क भूमि के दस्तावेज सौंप दिए हैं। अधिकारियों ने उपकेंद्र का निर्माण कार्य छह माह में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
अधिकारियों के अनुसार बिजनेस प्लान 2026-27 के तहत नए 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र के निर्माण प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) की ओर से कंट्रोल रूम सहित अन्य आवश्यक कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
नए विद्युत उपकेंद्र के शुरू होने से सेवा धाम लोनी, गोविंद टाउन, महामाया कुंज समेत आसपास की कई कॉलोनियों को लाभ मिलेगा। वर्तमान में क्षेत्र के उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज, ओवरलोडिंग और बार-बार ट्रिपिंग जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उपकेंद्र के निर्माण के बाद बिजली वितरण व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी और उपभोक्ताओं को बेहतर वोल्टेज के साथ निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी।
छह माह में पूरा होगा निर्माण कार्य
ऊर्जा निगम के अधिकारियों का कहना है कि भूमि उपलब्ध होने के बाद परियोजना की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र में बढ़ते बिजली भार को संतुलित करने में मदद मिलेगी और पुराने उपकेंद्रों पर दबाव भी कम होगा।
50 हजार उपभोक्ताओं को होगा सीधा फायदा
परियोजना पूरी होने के बाद करीब 50 हजार उपभोक्ताओं को सीधे तौर पर लाभ मिलने की उम्मीद है। इससे न केवल बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार होगा, बल्कि भविष्य में बढ़ती आबादी और बिजली की मांग को भी बेहतर ढंग से पूरा किया जा सकेगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button