गाजियाबाद
अंकुर विहार (लोनी) में भारत भारती की भव्य विचार गोष्ठी संपन्न
राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता पर दिया गया विशेष बल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : भारत भारती संगठन द्वारा डीएलएफ अंकुर विहार, लोनी स्थित गोल्ड क्राउन बैंक्वेट हॉल में एक भव्य विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और भारतीय संस्कृति के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना था। गोष्ठी में विभिन्न राज्यों, वर्गों और समुदायों से आए महिला एवं पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत भारती संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय पत्रालय ने कहा कि भारत की पहचान उसकी विविधता में निहित एकता है। उन्होंने कहा कि भारत भारती संगठन का लक्ष्य देश के प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सद्भाव और भारतीय होने के गौरव का भाव जागृत करना है। उन्होंने कहा कि जाति, भाषा, क्षेत्र और पंथ के आधार पर विभाजित होने के बजाय सभी को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए एकजुट होकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत भारती संगठन समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़कर एक सशक्त और समरस भारत के निर्माण की दिशा में कार्य कर रहा है।
उत्तर प्रदेश के संगठन मंत्री विवेकानंद ने अपने संबोधन में कहा कि गाजियाबाद आज एक “लघु भारत” के रूप में दिखाई देता है, जहां देश के लगभग सभी प्रदेशों के लोग निवास करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत भारती का उद्देश्य इसी विविधता को एकता के सूत्र में बांधना है। उन्होंने कहा कि हम सभी की पहचान सबसे पहले भारतीय के रूप में है और यही भावना राष्ट्र को मजबूत बनाती है। समाज में आपसी सहयोग, भाईचारा और समन्वय को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।
डा. प्रमेन्द्र जांगड़ा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारत की सांस्कृतिक विरासत विश्व में अद्वितीय है। उन्होंने कहा कि सामाजिक जागरूकता, शिक्षा, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रीय चेतना के माध्यम से ही एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें तथा सकारात्मक सोच के साथ देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि भारत भारती संगठन समाज में एकता, समरसता और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम का संचालन राकेश चंद सेमवाल द्वारा किया गया। गोष्ठी में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनसेवा क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इनमें ईश्वर चंद झा , वरिष्ठ समाजसेवी बालकिशन शर्मा , शिवम तिवारी , विजय शर्मा ब्रह्मदेव कुशवाहा नवीन तिवारी , ओम प्रकाश तथा सहित अनेक सम्मानित नागरिकों की सहभागिता रही।
कार्यक्रम के अंत में भारत भारती संगठन की ओर से सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, समाजसेवियों, महिलाओं एवं उपस्थित नागरिकों का धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया गया। संगठन ने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे आयोजन समाज में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक सुदृढ़ करेंगे। कार्यक्रम का संचालन सभासद रामनिवास त्रिपाठी ने किया


