
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : बालाघाट जिले की हट्टा पुलिस ने शुक्रवार के दिन हत्या के एक मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 30 वर्षीय कुलदीप पिता झनकलाल की हत्या उसके छोटे भाई कृष्णकिशोर उदयपुरे ने 15 जून की रात नारियल की रस्सी से गला घोंटकर की थी। यह घटना हट्टा ग्राम पंचायत के वार्ड क्रमांक 14 में हुई।
हट्टा थाना प्रभारी अविनाश राठौड़ ने मामले पर रौशनी डालते हुए बताया कि आरोपी कृष्णकिशोर अपने बड़े भाई कुलदीप के झगड़ों, मारपीट और उसकी उधारी से परेशान था। 15 जून की रात जब कुलदीप नशे में सो रहा था, तब कृष्णकिशोर ने नारियल की रस्सी से उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हत्या के बाद कृष्णकिशोर ने घर में मौजूद अपनी बहन और भांजी को घटना की जानकारी दी थी। पुलिस पूछताछ के दौरान बहन और भांजी ने यह बात पुलिस को बताई। इसके बाद आरोपी कृष्णकिशोर उदयपुरे को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया गया।
हट्टा पुलिस के अनुसार, हत्या की एक वजह तीन महीने पहले हुआ एक विवाद भी था। उस समय कुलदीप ने कृष्णकिशोर के साथ मारपीट कर उसका जबड़ा तोड़ दिया था, जिसके बाद कृष्णकिशोर का गोंदिया में इलाज चला था।
कुलदीप कर चुका था पिता की हत्या
कई साल पहले कुलदीप और उसकी मां को पिता की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। सजा काटने के बाद वे घर लौटे थे, लेकिन कुलदीप की मां का निधन हो गया था। कुलदीप अपने छोटे भाई, बहन और भांजी के साथ रहता था। दोनों भाई मोटर मैकेनिक का काम करते थे।
कुलदीप शराब का आदी और गुस्सैल स्वभाव का था, जिसके कारण अक्सर उसका छोटे भाई कृष्णकिशोर से विवाद होता रहता l



