गाजियाबाद
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भाजपा का योग महाअभियान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी गाजियाबाद जिला इकाई की ओर से जिले के विभिन्न मंडलों एवं प्रमुख स्थानों पर योग शिविरों का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम लोनी के ट्रोनिका सिटी स्थित सेंट्रल पार्क में आयोजित हुआ, जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी चैनपाल सिंह के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम में जिला महामंत्री रामकुमार त्यागी तथा वरिष्ठ भाजपा नेता एवं योग गुरु हरिओम गुप्ता भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। योग गुरुओं के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भ्रामरी प्राणायाम सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कर योग के महत्व को आत्मसात किया।
इस वर्ष की थीम ‘स्वयं और समाज के लिए योग’ पर प्रकाश डालते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी चैनपाल सिंह ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज पूरी दुनिया इसके लाभों को स्वीकार कर रही है। उन्होंने लोगों से योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने नियमित योग करने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। योग शिविर में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, मातृशक्ति और बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया


