ललितपुर
मुख्यमंत्री ने ललितपुर को दी 1766 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात
राजकीय मेडिकल कॉलेज सहित 221 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास

बोले, बुंदेलखंड बनेगा विकास और रोजगार का नया केन्द्र
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को ललितपुर को विकास की बड़ी सौगात देते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज सहित 1766 करोड़ लागत की 221 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। सीएम ने सिद्ध क्षेत्र तुवन सरकार मंदिर परिसर में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बुंदेलखंड के समग्र विकास का संकल्प लगातार पूरा किया जा रहा है और ललितपुर प्रदेश के विकास मानचित्र पर तेजी से उभर रहा है। कार्यक्रम से पूर्व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुवन सरकार मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि एक समय ललितपुर उपेक्षा का शिकार था तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और कृषि जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा था, लेकिन अब तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने बुंदेलखंड के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। सिंचाई परियोजनाओं को गति देने, स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सैदपुर क्षेत्र में लगभग 1500 एकड़ भूमि पर स्थापित होने वाला फार्मा बल्क ड्रग पार्क क्षेत्र के हजारों युवाओं के लिए रोजगार का नया द्वार खोलेगा। उन्होंने कहा कि हर घर नल-जल योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल पहुंचाया जा रहा है, जिससे महिलाओं को पानी के लिए लंबी दूरी तय करने की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही डिफेंस कॉरिडोर परियोजना के माध्यम से बुंदेलखंड को औद्योगिक विकास का प्रमुख केन्द्र बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ललितपुर प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विरासत और विकास की संभावनाओं से भरपूर जनपद है। नवाचार के क्षेत्र में यहां उल्लेखनीय कार्य हो रहे हैं। उन्होंने जिले के जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार हर क्षेत्र में संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है।



