बरेली
बरेली पुलिस लाइन में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर
ADG रमित शर्मा और DIG अजय साहनी ने किया योग

SSP अनुराग आर्य ने दिए प्रशस्ति-पत्र
योगाचार्य महेंद्रपाल कश्यप ने कराया योगाभ्यास
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली : 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर शनिवार 21 जून 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन बरेली के परेड ग्राउंड में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग- स्वस्थ आयु के लिए योग” रही। बरेली पुलिस के इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अफसरों और जवानों ने हिस्सा लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन रमित शर्मा और विशिष्ट अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक बरेली परिक्षेत्र अजय कुमार साहनी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने किया। सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों के साथ योगाभ्यास किया।
योग सेवा ट्रस्ट बरेली के योगाचार्य महेंद्रपाल कश्यप और उनकी टीम ने सभी को योगासन, प्राणायाम, ध्यान और शारीरिक-मानसिक स्वास्थ्य को मजबूत करने वाली क्रियाओं का अभ्यास कराया। प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योग से तनाव कम होता है, शारीरिक क्षमता बढ़ती है और मानसिक एकाग्रता आती है। सभी प्रतिभागियों ने योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।
इस मौके पर अपने संबोधन में ADG रमित शर्मा, DIG अजय साहनी और SSP अनुराग आर्य ने कहा कि योग सिर्फ व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन को संतुलित और अनुशासित बनाने की समग्र पद्धति है। उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों से नियमित योग अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने की अपील की।
कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने ADG रमित शर्मा और डीआईजी अजय साहनी को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार जताया। इस दौरान एसपी सिटी मानुष पारीक, एसपी साउथ अंशिका वर्मा, एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्र, एसपी ट्रैफिक मो. अकमल खान, सभी क्षेत्राधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।




