पुलिस स्टेशन को आधुनिक भवन उपलब्ध कराने की तैयारी, डीजीपी ने की समीक्षा
Preparations underway to provide modern buildings for police stations; DGP reviews the progress.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। झारखण्ड में जिन थानों के भवन अब तक नहीं बन पाए हैं, उनके निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए पुलिस मुख्यालय सक्रिय हो गया है। इस संबंध में पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें राज्य के सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये। बैठक में डीजीपी ने कहा कि जिन थानों का भवन निर्माण अभी तक पूरा नहीं हो सका है, उनकी प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने विशेष रूप से उन मामलों पर ध्यान देने का निर्देश दिया, जहां भूमि संबंधी समस्याओं के कारण निर्माण कार्य लंबित है। डीजीपी ने संबंधित जिलों के एसपी को निर्देश दिया कि वे भूमि उपलब्ध कराने, अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करने तथा अन्य आवश्यक औपचारिकताओं को शीघ्र पूरा कराने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करें। उन्होंने कहा कि भूमि उपलब्ध होते ही निर्माण एजेंसियों के माध्यम से थाना भवन निर्माण कार्य शुरू कराया जायेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य के सभी थानों को आधुनिक एवं सुविधायुक्त भवन उपलब्ध कराना पुलिस मुख्यालय की प्राथमिकता है। इसके साथ ही समीक्षा बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिन जिलों में थाना भवन जर्जर अवस्था में हैं, उनकी मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर कराया जायेगा। इस संबंध में सभी जिलों से जर्जर थाना भवनों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। पुलिस मुख्यालय का मानना है कि बेहतर आधारभूत संरचना से पुलिस व्यवस्था और कानून-व्यवस्था के संचालन को और अधिक मजबूती मिलेगी। बैठक के अंत में डीजीपी ने सभी एसपी को निर्देश दिया कि वे थाना भवन निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी करें तथा उनकी प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध कराएं।


