
महोबा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महोबा में 697.07 करोड़ रुपये की 88 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने गोरखगिरी मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए बुंदेलखंड के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को बुंदेलखंड के महोबा जिले को 697.07 करोड़ रुपये की 88 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। सीएम ने इन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर जिले की तस्वीर बदलने की दिशा में एक और बड़ा कदम बढ़ाया है।
भीषण गर्मी और तीखी धूप के बावजूद जनसभा में उमड़ी भारी भीड़ ने योगी-मोदी के जयकारों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। महोबा पहुंचने पर मुख्यमंत्री सबसे पहले पर्यटन तीर्थ के रूप में विकसित की जा रही गोरखगिरी पहुंचे। वहां उन्होंने चल रहे विकास कार्यों का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गोरखगिरी स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना-इसके बाद मुख्यमंत्री ने गोरखगिरी स्थित मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। विकास परियोजनाओं की सौगात देने के बाद आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने बुंदेलखंड के बदलते स्वरूप पर चर्चा की।
लाभार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया
उन्होंने कहा कि आज महोबा समेत पूरा बुंदेलखंड विकास की मुख्यधारा में शामिल हो चुका है। सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर वर्ग तक पहुंचाया जा रहा है। सीएम ने इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया।
अब माफिया नहीं, महोबा की तोपें बोल रही हैं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज बुंदेलखंड में बनी तोप और मिसाइलें न केवल देश की रक्षा कर रही हैं, बल्कि दुश्मनों को थर-थर कांपने पर मजबूर कर रही है। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता के लिए कड़े निर्देश दिए।



