खैरथल
जिला स्तरीय विवाद एवं शिकायत निवारण तंत्र की प्रथम बैठक आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। जिला कलक्टर महोदय की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार, खैरथल-तिजारा में जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र (डीआईसीसी), खैरथल-तिजारा द्वारा जिला स्तरीय विवाद एवं शिकायत निवारण तंत्र की प्रथम बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में जिले के औद्योगिक विकास को नई गति प्रदान करने तथा व्यावसायिक सुगमता को बढ़ावा देने के विभिन्न उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान स्थानीय उद्यमियों द्वारा प्रस्तुत समस्याओं एवं सुझावों पर विचार-विमर्श करते हुए उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक के प्रारम्भ में सदस्य सचिव एवं पदेन महाप्रबंधक, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र, खैरथल-तिजारा ने बैठक के उद्देश्यों एवं कार्यसूची की जानकारी दी।
बैठक में राइजिंग राजस्थान एमओयू के विभिन्न विभागों एवं स्तरों पर लंबित भू-संपरिवर्तन एवं भू-आवंटन प्रकरणों, औद्योगिक विस्तार हेतु नवीन औद्योगिक क्षेत्रों की स्थापना, रीको औद्योगिक क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय एवं पिंक टॉयलेट निर्माण, सीसीटीवी कैमरों को अभय कमाण्ड सेंटर से जोड़ने, औद्योगिक क्षेत्र में डम्पिंग यार्ड के निर्माण, श्रमिकों के लिए ईएसआई डिस्पेंसरी की स्थापना तथा जिले में रीको के क्षेत्रीय कार्यालय खोले जाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिला कलक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करने तथा आवश्यक कार्यवाही समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर शिवपाल जाट, उपाधीक्षक पुलिस लाल सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक रीको, अलवर, उपायुक्त वाणिज्य कर, खैरथल-तिजारा, आयुक्त नगर परिषद, खैरथल, अतिरिक्त सचिव कृषि उपज मंडी, खैरथल, सहायक अभियंता, जेवीवीएनएल, खैरथल सहित लघु उद्योग भारती खैरथल, लघु उद्योग संघ खैरथल तथा जिले के अनेक उद्यमी उपस्थित रहे।


