गाजियाबाद
लोनी के अंकुर बिहार थाना क्षेत्र में पुलिस का मेगा सर्च अभियान
होटल-रेस्टोरेंट और कोचिंग सेंटरों की हुई जांच

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : गाजियाबाद कमिश्नरेट पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लोनी के अंकुर बिहार थाना क्षेत्र में विशेष सर्च एवं सत्यापन अभियान चलाया गया। ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत चलाए गए इस अभियान में पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की।
अंकुर विहार थाना प्रभारी योगेंद्र पवार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के होटल, रेस्टोरेंट, कोचिंग सेंटर और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान दस्तावेजों की जांच के साथ कर्मचारियों और संचालकों का सत्यापन भी किया गया।
पुलिस की अचानक कार्रवाई से कई प्रतिष्ठान संचालक सतर्क नजर आए। टीम ने सुरक्षा मानकों, पहचान संबंधी अभिलेखों और आवश्यक व्यवस्थाओं की भी पड़ताल की। जहां भी कमियां देखने को मिलीं, संबंधित लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी रूप से निगरानी रखना तथा आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। कमिश्नरेट पुलिस द्वारा क्षेत्र में आगे भी इस तरह के सर्च और सत्यापन अभियान जारी रखे जाएंगे।



