बागपत

वृद्धाश्रम में मिली 80 वर्षीय महिला को पुलिस ने परिजनों से मिलवाया

बेटे की आंखों में आए खुशी के आंसू

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत : जनपद बागपत की थाना सिंघावली अहीर पुलिस ने मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए एक 80 वर्षीय वृद्ध महिला को उनके परिजनों से मिलवाकर सराहनीय कार्य किया है। पुलिस की इस पहल से एक बिछड़ा परिवार फिर से एकजुट हो सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मिशन शक्ति प्रभारी महिला उपनिरीक्षक गायत्री राजपूत अपनी टीम के साथ थाना क्षेत्र में भ्रमण पर थीं। इसी दौरान टीम क्षेत्र स्थित एक वृद्धाश्रम पहुंची, जहां रह रहे वृद्ध महिला एवं पुरुषों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली जा रही थी।
संवाद के दौरान टीम की मुलाकात लगभग 80 वर्षीय वृद्ध महिला से हुई। पूछताछ में महिला ने अपना नाम वती पत्नी वृन्दावन निवासी ग्राम आंतो, जनपद भिण्ड (मध्य प्रदेश) बताया। महिला ने बताया कि वह 20 अप्रैल 2026 को गाजियाबाद में अपने एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने आई थीं, लेकिन किसी कारणवश रास्ता भटक गईं और अपने परिजनों से बिछड़ गईं। काफी प्रयासों के बावजूद वह अपने घर नहीं पहुंच सकीं और बाद में वृद्धाश्रम में रहने लगीं।
महिला की व्यथा सुनकर मिशन शक्ति प्रभारी गायत्री राजपूत और उनकी टीम ने मामले को गंभीरता से लिया। टीम ने तत्काल महिला के बताए गए पते और अन्य विवरणों के आधार पर उनके परिजनों की तलाश शुरू की। लगातार प्रयासों और सूझबूझ के बाद पुलिस टीम ने महिला के पुत्र गजराज सिंह का पता लगाकर उनसे संपर्क स्थापित किया।
आवश्यक सत्यापन और पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वृद्ध महिला को सकुशल उनके पुत्र के सुपुर्द कर दिया गया। कई सप्ताह बाद अपनी मां को सुरक्षित देखकर पुत्र गजराज सिंह भावुक हो गए। परिवार के अन्य सदस्यों ने भी राहत की सांस ली और थाना सिंघावली अहीर पुलिस तथा मिशन शक्ति टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस के इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए भी हमेशा तत्पर रहती है।
इस अवसर पर थाना सिंघावली अहीर पुलिस ने कहा कि महिला सुरक्षा, वरिष्ठ नागरिकों की सहायता और जनसेवा पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से लगातार महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा एवं सहायता के लिए कार्य किया जा रहा है।
पुलिस की इस संवेदनशील पहल ने यह साबित कर दिया कि समय पर किए गए प्रयास किसी बिछड़े हुए परिवार की खुशियां वापस लौटा सकते हैं। थाना सिंघावली अहीर पुलिस का यह कार्य क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button