बरेली
महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने लालकुआं स्टेशन, यार्ड, रनिंग रूम एवं कोच केयर सेंटर का किया निरीक्षण
अमृत भारत स्टेशन योजना के कार्यों की प्रगति का लिया जायजा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली : पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने आज मंडल रेल प्रबंधक, इज्जतनगर सुश्री वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार तथा मंडल के शाखा अधिकारियों के साथ लालकुआं स्टेशन यार्ड, रनिंग रूम, कोच केयर सेंटर एवं रेलवे स्टेशन का व्यापक संरक्षा निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रनिंग रूम के किचन, आवासीय कक्षों एवं अन्य उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने भोजन कर रहे रनिंग स्टाफ से भोजन की गुणवत्ता एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों को जाना। इस दौरान रनिंग रूम में संधारित अभिलेखों एवं दस्तावेजों का भी गहन परीक्षण किया।
इसके उपरांत महाप्रबंधक ने कोच केयर सेंटर में उपलब्ध आधुनिक तकनीकी उपकरणों एवं यंत्रों की कार्यप्रणाली की जानकारी अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों से प्राप्त की। उन्होंने संरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने पर बल देते हुए सभी पर्यवेक्षकों एवं कर्मचारियों को पूर्ण सतर्कता एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।




