बरेली

रिठौरा के टेंपो चालक का बेटा बना ‘अग्निवीर’, प्रशिक्षण को हुआ रवाना

 नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली : नगर पंचायत रिठौरा अभाव और सीमित संसाधन कभी भी प्रतिभा के आगे रोड़ा नहीं बन सकते, बशर्ते रगों में कुछ कर गुजरने का जुनून और देश सेवा का जज्बा दौड़ रहा हो। ऐसा ही कुछ साबित कर दिखाया है कस्बे के मोहल्ला मोहनपुर के एक अत्यंत साधारण परिवार के होनहार युवक ने। अपनी कड़ी मेहनत और लगन के दम पर एक टेंपो चालक के बेटे अमन कुमार कोली का चयन भारतीय सेना में ‘अग्निवीर’ पद पर हुआ है। देश सेवा के बुलंद इरादों के साथ यह युवा सैनिक शुक्रवार सुबह छह माह के कड़े प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) के लिए रवाना हो गया।
मोहल्ला मोहनपुर निवासी अशोक कुमार कस्बे में ही टेंपो चलाकर अपने परिवार की आजीविका चलाते हैं। उनके बेटे अमन ने घर की आर्थिक तंगी को अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया, बल्कि उसे ही अपनी ताकत बनाकर दिन-रात मैदान पर पसीना बहाया। अमन की इस अभूतपूर्व सफलता ने यह साबित कर दिया कि कम पूंजी और सीमित आय वाले परिवारों के बच्चे भी अपनी मेहनत के बल पर सरकारी नौकरी पाने का अपना बड़ा सपना साकार कर सकते हैं। शुक्रवार सुबह जब अमन देश की सरहद की सुरक्षा के सफर पर निकलने लगा, तो उसके घर पर परिजनों और नाते-रिश्तेदारों का तांता लग गया। वह पल हर किसी को भावुक कर देने वाला था जब ताऊ चंपालाल ने भारतीय रीतियों के अनुसार तिलक लगाकर और आरती उतारकर अपने कलेजे के टुकड़े को देश सेवा के लिए विदा किया। बेटे की इस स्वर्णिम सफलता और विदाई की बेला में मां सुनीता देवी की आंखें खुशी से छलक आईं, तो वहीं पिता अशोक कुमार का सिर गर्व से ऊंचा हो गया।
अमन के सेना में चयन की खुशी से पूरा मोहल्ला सराबोर नजर आया। रवानगी के इस गौरवशाली क्षण पर होनहार युवा सैनिक का हौसला बढ़ाने और उसे शुभकामनाएं देने के लिए मुख्य रूप से  स्थानीय संभ्रांत नागरिक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button