शराब के नशे में बेटे ने टांगी से काटकर की पिता की हत्या, गांव में सनसनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो : बेरमो अनुमंडल के गोमिया प्रखंड अंतर्गत तिलैया पंचायत के कारीपानी गांव में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। शराब के नशे में धुत एक पुत्र ने मामूली विवाद के बाद अपने ही पिता की टांगी (कुल्हाड़ी) से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
मृतक की पहचान 63 वर्षीय जयलाल करमाली के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पुत्र अर्जुन करमाली (30 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि अर्जुन करमाली शुक्रवार रात अपने मामा के घर आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम से शराब पीकर घर लौटा था। घर पहुंचते ही उसकी स्थिति देखकर पिता जयलाल करमाली ने उसे समझाने का प्रयास किया।
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, जयलाल करमाली लंबे समय से बेटे की शराब की लत से परेशान थे। उन्होंने बेटे को समझाते हुए कहा कि अत्यधिक नशे की आदत के कारण उसका परिवार टूट रहा है और उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर मायके चली गई है। पिता की यह बात अर्जुन को नागवार गुजरी और वह गुस्से से आगबबूला हो गया।
आरोप है कि गुस्से में आकर अर्जुन ने घर में रखी टांगी उठा ली और अपने पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर पर कई वार किए जाने से जयलाल करमाली गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना इतनी अचानक हुई कि परिवार के अन्य सदस्य कुछ समझ पाते, उससे पहले ही सब कुछ खत्म हो चुका था।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों को देखते ही आरोपी भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन लोगों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। ग्रामीणों ने उसे रस्सी से बांध दिया और तत्काल इसकी सूचना जगेश्वर बिहार थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रकाश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। साथ ही हत्या में प्रयुक्त खून से सनी टांगी भी बरामद कर जब्त कर ली गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।
शनिवार सुबह तिलैया पंचायत की मुखिया चिंता देवी मृतक के घर पहुंचीं और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी। उन्होंने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति समाज और परिवार दोनों के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे की लत के कारण कई परिवार बर्बाद हो रहे हैं और अपराध की घटनाएं भी बढ़ रही हैं।
इधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी प्रकाश यादव ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण घरेलू विवाद और नशे की हालत में उत्पन्न आक्रोश सामने आया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद कारीपानी गांव में मातम का माहौल है। एक बेटे द्वारा अपने ही पिता की हत्या किए जाने की घटना से ग्रामीण स्तब्ध हैं और पूरे क्षेत्र में इसकी चर्चा हो रही है। स्थानीय लोगों ने भी क्षेत्र में बढ़ते नशे के प्रचलन पर चिंता जताते हुए प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।




