खैरथल
5-5 हजार के दो इनामी हत्याकांड आरोपी दबोचे
मुण्डावर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गंभीर अपराधियों पर शिकंजा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मुण्डावर | संगीन एवं गंभीर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुण्डावर थाना पुलिस ने हत्या के एक चर्चित मामले में फरार चल रहे 5-5 हजार रुपए के दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की लगातार दबिश, मुखबिर तंत्र और तकनीकी निगरानी के बाद दोनों आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राहुल प्रकाश एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक खैरथल-तिजारा बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह तथा किशनगढ़बास वृत्ताधिकारी लालसिंह यादव के सुपरविजन में थाना प्रभारी मोहर सिंह के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि 15 अक्टूबर 2025 को मुण्डावर थाना क्षेत्र के गांव क्यारा में दो पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में दर्ज हत्या के प्रकरण में कई आरोपी नामजद किए गए थे, जिनमें से दो आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे। पुलिस मुख्यालय ने दोनों पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था।
अभियान के तहत गठित पुलिस टीम ने आरोपियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी, उनके सहयोगियों पर नजर रखी और आसूचना संकलित कर दोनों इनामी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी
सतवीर पुत्र जयमल गुर्जर (32) निवासी क्यारा, थाना मुण्डावर, जिला खैरथल-तिजारा।
पूरण पुत्र घीसाराम गुर्जर (62) निवासी क्यारा, थाना मुण्डावर, जिला खैरथल-तिजारा।
इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी मोहर सिंह, उपनिरीक्षक देवपाल सिंह, उपनिरीक्षक रतनलाल तथा कांस्टेबल राकेश कुमार की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस का कहना है कि संगीन एवं गंभीर अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।

