एनएसयूआई जिला अध्यक्ष देवेंद्र विधूड़ी की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस नेता एसपी से मिले

खैरथल। खैरथल-तिजारा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलराम यादव एवं तिजारा कांग्रेस प्रत्याशी इमरान खान ने एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष देवेंद्र विधूड़ी की पुलिस द्वारा की गई गिरफ्तारी के विरोध में पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आमजन, युवाओं और छात्रों की आवाज उठाने वाले कार्यकर्ताओं के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा दमनकारी नीति अपनाकर जनहित के मुद्दे उठाने वाले लोगों को गिरफ्तार करना उचित नहीं है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलराम यादव ने कहा कि यदि किसी मामले में जांच आवश्यक है तो उसे निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से किया जाना चाहिए। बिना निष्पक्ष जांच के किसी सामाजिक या छात्र नेता के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर न्यायोचित कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
इमरान खान ने कहा कि जनहित एवं छात्र-युवा हितों की आवाज उठाने वाले कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि मामले में निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो कांग्रेस लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करेगी।इस मोके पर वेद पार्षद,यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष पवन खटाना,जितेंद्र खूबराम ,अर्जुन ठाकुर,संजय चावड़ा,हनुमान सिंह गुर्जर,मिंटू गुर्जर शकील बागोर शोकीन डेविड मर्दाने एवं सेकड़ो की संख्या में युवा साथी वे कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे ।

