मथुरा
राया थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर बस और ट्रेलर की भीषण भिड़ंत
हादसे में चार लोगों की मौत, कई लोग घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। राया थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 112-113 के बीच मंगलवार तड़के करीब 3:35 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ। इसमें चार लोगों की मौत एवं 20-25 लोगों के घायल होने की सूचना है। जानकारी के अनुसार गोला बस सर्विस की वोल्वो बस की यहां एक ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के समय बस में लगभग 65 यात्री सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, सीओ महावन, थाना प्रभारी राया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम ने भी तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। भीषण टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 20 से 25 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए मथुरा जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के अनुसार मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है तथा पुलिस बल तैनात कर आवश्यक कार्यबाही की जा रही है।



