बेतुल

समस्त जीव-जगत के अस्तित्व का आधार है जल संरक्षण: मधु चौहान

भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता है यह अभियान - देवीदास

अभी नहीं जागे तो भावी पीढ़ियों को भुगतने होंगे भयंकर परिणाम – सतीश ठाकरे
जल स्रोत की स्वच्छता के साथ हुआ जल गंगा संवर्धन अभियान का गरिमामय समापन,जल संरक्षण का लिया आजीवन संकल्प
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बैतूल आठनेर। जल संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति समाज में व्यापक जनजागरण के उद्देश्य से मध्यप्रदेश सरकार द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान का समापन मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद विकासखंड आठनेर के निर्देशन में नगर परिषद आठनेर के सहयोग एवं भवर्थ जन कल्याण संस्था आठनेर के संयोजन से नगर के तपसझिरा स्थित जलकुंड पर सामूहिक श्रमदान द्वारा स्वच्छता कार्यक्रम एवं जल संरक्षण के सामूहिक संकल्प के साथ गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
यह अभियान 19 मार्च से प्रारंभ होकर 30 जून तक चलाया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड के विभिन्न चयनित प्रस्फुटन एवं प्रयोगशाला ग्रामों में वृक्षों का पूजन,दीवार लेखन,जल संगोष्ठी,जल चौपाल,जलमंदिर की स्थापना,नदी, तालाब, कुएं एवं हैंडपंप की साफ सफाई, जल स्रोतों का गहरीकरण, कलश यात्रा आदि कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के समापन अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं सी एम सी एल डी पी विद्यार्थियों ने श्रमदान कर जल स्रोत की साफ-सफाई की और यह संदेश दिया कि जल स्रोतों का संरक्षण ही भविष्य की सबसे बड़ी सुरक्षा है।
– जल समस्त जीव-जगत के अस्तित्व का आधार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की विकासखंड समन्वयक मधु चौहान ने कहा कि जल समस्त जीव-जगत के अस्तित्व का आधार है। आज भूजल स्तर लगातार गिर रहा है, नदियां और तालाब सिकुड़ रहे हैं तथा जलवायु परिवर्तन के कारण वर्षा का स्वरूप भी बदल रहा है। ऐसे समय में प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह जल की प्रत्येक बूंद का महत्व समझे और उसके संरक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाए। नवांकुर संस्था सतपुड़ा पर्यावरण समिति आठनेर के अध्यक्ष सतीश ठाकरे ने कहा कि यदि आज जल का विवेकपूर्ण उपयोग, वर्षा जल संचयन, पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण, तालाबों एवं कुओं का पुनर्जीवन तथा जल प्रदूषण की रोकथाम जैसे उपाय नहीं अपनाए गए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ेगा।
– जल बचाना समाज के प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी
नवांकुर संस्था ग्राम मानव सेवा समिति बोरपानी के अध्यक्ष राजू सलाम ने कहा कि जल बचाना समाज के प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। जनभागीदारी से ही जल सुरक्षा का मजबूत आधार तैयार किया जा सकता है। कार्यक्रम के अंत में नवांकुर संस्था जागृति ग्राम विकास समिति बरखेड़ के अध्यक्ष देवीदास गांवडे ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान प्रकृति,पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता है। जल की हर बूंद बचाना,हर जल स्रोत को स्वच्छ रखना और जल संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाना ही इस कार्यक्रम का मूल उद्देश्य है।
– अधिक से अधिक पौधारोपण करने, जल बचाने लिया संकल्प
कार्यक्रम में मुख्य रूप से सामाजिक कार्यकर्ता आशुतोष सिंह चौहान परामर्शदाता दिनेश साकरे, राधिका बारपेटे,दीपाली पातुलकर,अंकित सातपुते आशीष गडेकर,लक्की साहू ओम लोखंडे,शिवा नायक, उमेश कासदेकर, लोकेश नागवंशी,नगर परिषद से  अधिकारी,कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में नगरवासी एवं सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आभार प्रदर्शन नवांकुर संस्था ताप्ती प्रभास नागरिक सेवा समिति सावंगी के अध्यक्ष दिनेश माकोड़े द्वारा किया गया। कार्यक्रम का समापन अल्पाहार एवं सभी उपस्थित लोगों द्वारा आजीवन जल संरक्षण एवं संवर्धन करने,जल का अपव्यय नहीं करने, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने, जल स्रोतों की नियमित साफ-सफाई एवं संरक्षण करने, अधिक से अधिक पौधारोपण करने तथा दूसरों को भी जल बचाने के लिए प्रेरित करने के संकल्प के साथ किया गया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button