ललितपुर
यूपीटीईटी-2026,नकल पर सख्त पहरा, आठ केन्द्रों पर 15,481 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
डीएम सत्य प्रकाश और एसपी मोहम्मद मुस्ताक ने अधिकारियों को दिए निर्देश,लापरवाही पर होगी कठोर कार्रवाई

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। बुधवार को जीआईसी सभागार में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश और पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुस्ताक ने जोनल, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापकों और कक्ष निरीक्षकों की बैठक लेकर परीक्षा संचालन से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने कहा कि यूपीटीईटी जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा की शुचिता बनाए रखना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, सजगता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि परीक्षा के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शासन के दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। एसपी मो.मुस्ताक ने कहा कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रत्येक केन्द्र पर पुलिस बल की तैनाती रहेगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाएगी, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। डीआईओएस ओमप्रकाश सिंह ने परीक्षा संचालन की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यूपीटीईटी-2026 का आयोजन 2, 3 और 4 जुलाई को किया जाएगा। 2 और 3 जुलाई को परीक्षा दो पालियों में होगी। प्रथम पाली सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2.30 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। वहीं 4 जुलाई को केवल प्रथम पाली में सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक परीक्षा कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में कुल आठ परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, श्री वर्णी जैन इंटर कॉलेज, नेहरू महाविद्यालय (पार्ट-1 एवं पार्ट-2), राजकीय इंटर कॉलेज, नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज, रघुवीर सिंह राजकीय महाविद्यालय तथा पीएन-30 कॉलेज शामिल हैं। इन केन्द्रों पर कुल 15,481 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा को सकुशल और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने 8 केन्द्र व्यवस्थापक, 8 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 8 स्टैटिक मजिस्ट्रेट, 8 सहायक केन्द्र व्यवस्थापक, 16 परीक्षा सहायक तथा 290 कक्ष निरीक्षकों की तैनाती की है। इसके अतिरिक्त संबंधित संस्थाओं द्वारा 108 कक्ष निरीक्षक भी नामित किए गए हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सतत निगरानी रखी जाएगी और सुरक्षा एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी दिनेश कुमार, जीआईसी प्रधानाचार्य, सभी परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्य, जोनल, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट, कक्ष निरीक्षक तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।



