धनबाद एसीबी की टीम ने 8 हजार रुपए घूस लेते पेटरवार के प्रधान सहायक को किया गिरफ्तार।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। धनबाद से पेटरवार पहुंची एसीबी की टीम ने पेटरवार प्रखंड कार्यालय में पदस्थापित उर्दू अनुवादक सह प्रखंड के प्रभारी प्रधान सहायक गुलाम रसूल को 8 हजार रुपये की राशि बतौर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। एसीबी टीम की इस बड़ी कार्रवाई के बाद पूरे प्रखंड कार्यालय और प्रशासनिक महकमे में भारी हड़कंप मच गया है. जबकि पेटरवार में चर्चा का विषय बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला 15 वें वित्त आयोग की एक योजना की राशि भुगतान से जुड़ा हुआ है. इस योजना के लाभुक का भुगतान काफी समय से रूका हुआ था। लाभुक ने जब प्रखंड के प्रभारी प्रधान सहायक गुलाम रसूल से संपर्क किया तब आरोपी ने पेमेंट भुगतान करने के एवज में 8 हजार रुपये रिश्वत की मांग की। लाभुक ने उनके समक्ष काफी मिन्नतें की, लेकिन एक न सुनी, अंततः लाभुक ने पूरे मामले की लिखित शिकायत धनबाद एसीबी कार्यालय में कर दी। एसीबी की टीम ने प्रारंभिक जांच में शिकायत को सही पाया और आरोपी को पकड़ने के लिए एक जाल बिछाया और उस जाल में गुलाम रसूल फंस गए।
गुरुवार को जैसे ही आवेदक पेटरवार प्रखंड कार्यालय में निर्मित पार्किंग स्थल पर प्रधान सहायक गुलाम रसूल को केमिकल लगे हुए 8 हजार रुपये थमाए, वैसे ही पहले से घात लगाए बैठी एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया,टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घूस के पैसे जब्त किए तथा यहां की प्रक्रिया पुरी कर आरोपी गुलाम रसूल को हिरासत में लेकर धनबाद के लिए रवाना हो गये।



