शामली

सहकारी समिति से निकला यूरिया से भरा पिकअप पकड़ा

ब्लैक का आरोप लगा किसानों का हंगामा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। ऊदपुर सहकारी समिति से यूरिया के कट्टों से लदा एक पिकअप वाहन संदिग्ध परिस्थितियों में निकलते ही समिति के अध्यक्ष ने पकड़ लिया। समिति के अध्यक्ष सतीश कुमार ने ग्राम पंचायत जिजोला के पास वाहन को रोककर पूछताछ की। चालक ने बताया कि पिकअप में लदे सभी यूरिया के कट्टे रसाना ले जाए जा रहे हैं।जानकारी मिलते ही आसपास के किसान मौके पर पहुंच गए और ब्लैक मार्केटिंग का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसानो को शांत किया और पिकअप को पुलिस चौकी लेकर आई।
चौसाना चौकी क्षेत्र के गांव ऊदपुर स्थित सहकारी समिति अध्यक्ष सतीश कुमार का आरोप है कि क्षेत्र के किसानों द्वारा पहले भी यूरिया की कालाबाजारी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। आरोप थे कि यूरिया समिति की और से ब्लैक में बेचा जा रहा है। तभी उनकी नजर यूरिया से भरे पिकअप पर पड़ी। संदेह होने पर उन्होंने वाहन का पीछा किया और जिजोला में उसे रोक लिया। इसके बाद बड़ी संख्या में किसान एकत्र हो गए और मामले को लेकर विरोध जताने लगे।स्थिति तनावपूर्ण होती देख सूचना पर चौसाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों को शांत कराया। वहीं, समिति के कार्यवाहक एमडी मुकेश कुमार ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि समिति द्वारा यूरिया का वितरण नियमानुसार समिति क्षेत्र के किसानों को किया गया है। किसानों द्वारा खरीदे गए यूरिया को बाद में कहां ले जाया गया, इसकी जानकारी समिति के पास नहीं है।
वही दूसरी ओर, समिति अध्यक्ष सतीश कुमार का कहना है कि विगत दिनों अजीजपुर में भी ब्लैक में यूरिया बेचे जाने की शिकायत मिली थी। आरोप है कि समिति क्षेत्र का किसान खाद के लिए परेशान है, जबकि कुछ कर्मचारी मनमाने तरीके से यूरिया की कालाबाजारी कर बेच रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक ब्लैक मार्केटिंग के आरोपों को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी रहा और किसान मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते रहे। इस दौरान सतीश कुमार, संजू बबलू छोटू प्रदीप मनोज,तेजपाल,संजीव, रामकुमार, मांगेराम, जिलेसिंह,चन्दरपाल, रामबीर,अंकित,नसीम,जुहर आदि किसानों ने विरोध जताया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button