बेतुल

बैतूल जनगणना ड्यूटी निभाने वाले शिक्षकों ने मांगा अधिकार

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी,तीन प्रमुख मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो 
बैतूल। जनगणना के प्रथम चरण का कार्य ग्रीष्मावकाश में पूरा करने वाले प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों (शिक्षकों) ने अपने वैधानिक अधिकारों को लेकर आवाज बुलंद कर दी है। मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष सचिन राय के नेतृत्व में कर्मचारियों ने चिचोली तहसीलदार के नाम ज्ञापन सौंपकर अर्जित अवकाश सेवा पुस्तिका में दर्ज करने, लंबित मानदेय का शीघ्र भुगतान कराने तथा जनगणना कार्य पूरा होने तक स्थानांतरण पर रोक लगाने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि मध्यप्रदेश शासन एवं भारत सरकार के प्रावधानों के अनुसार ग्रीष्मावकाश के दौरान जनगणना कार्य करने वाले प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को नियमानुसार अर्जित अवकाश (अर्न्ड लीव) का लाभ दिया जाना है, लेकिन अब तक संबंधित कर्मचारियों की सेवा पुस्तिकाओं में इसका उल्लेख नहीं किया गया है। इसके अलावा जनगणना के प्रथम चरण का कार्य पूर्ण होने के बावजूद अब तक देय मानदेय का भुगतान भी लंबित है।
कर्मचारियों ने यह मांग भी उठाई कि जिन प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को जनगणना कार्य का दायित्व सौंपा गया है, उनके स्थानांतरण आदेश जारी होने की स्थिति में भी उन्हें कार्य से मुक्त नहीं किया जाए तथा जनगणना का कार्य पूर्ण होने तक उनके स्थानांतरण पर रोक लगाई जाए। संगठन का कहना है कि राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य के दौरान कर्मचारियों के तबादले से कार्य की निरंतरता और गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।
मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष सचिन राय ने कहा कि जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों को शासन के नियमानुसार अर्जित अवकाश और मानदेय का लाभ मिलना उनका वैधानिक अधिकार है। साथ ही जनगणना कार्य पूरा होने तक कर्मचारियों के स्थानांतरण पर रोक लगाया जाना आवश्यक है, ताकि यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो कर्मचारी संगठन आगामी रणनीति तय करेगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में अतुल आर्य, अनिल गोस्वामी, शरद सोनी, प्रदीप सोनी, प्रदीप आर्य, शैलेन्द्र सोनी, कैलाश वमनकर, धरमदास उइके, आदित्य मालवीय, आशिफ खान, सिलास कुमार, परसराम मर्सकोले, सोनू बाथरी, संजय आर्य, संतोष राठौर, रामसिंह बरकड़े, राजेंद्र काकोडिया, राजेन्द्र बसनेरिया, सुरेन्द्र यादव, सम्मल करोचे, अशोक इवने, सुभाष बगावे, संतोष शेषकर, माणिक राव कुंभारे, आशीष सुरे और ऋषभ जितपुरे सहित बड़ी संख्या में प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों (शिक्षकों) ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर मांगों के समर्थन में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button