खैरथल
खैरथल-तिजारा में कांग्रेस एससी प्रकोष्ठ का जिला स्तरीय संगठन सृजन अभियान आयोजित
दलित अधिकारों और संविधान की रक्षा पर हुआ मंथन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल : कांग्रेस के एससी प्रकोष्ठ का जिला स्तरीय संगठन सृजन अभियान शनिवार को खैरथल स्थित गजानंद गार्डन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी खैरथल-तिजारा के अध्यक्ष बलराम यादव ने की, जबकि मुख्य वक्ता कांग्रेस के एससी विभाग की प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री ममता भूपेश रहीं। कार्यक्रम के अंत में एससी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष भूपेश लहकरा ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में एससी प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं समाज के लोग उपस्थित रहे। इस दौरान दलित समाज के संवैधानिक अधिकारों, सामाजिक न्याय, संगठन की मजबूती तथा वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने संविधान की रक्षा, सामाजिक समानता और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में दलित, पिछड़े और वंचित वर्गों पर अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा संविधान, सामाजिक न्याय और कमजोर वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलराम यादव ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। आमजन, किसान, युवा और दलित वर्ग स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करते हुए गरीब, दलित और शोषित वर्ग की आवाज बनने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता एवं प्रदेश अध्यक्ष ममता भूपेश ने कहा कि एससी प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे समाज के लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करें और संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय और संविधान की मूल भावना को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।
अंत में एससी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष भूपेश लहकरा ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित जनसमुदाय का धन्यवाद ज्ञापित किया
कार्यक्रम में मुंडावर विधायक ललित यादव तिजारा विधानसभा प्रत्याशी इमरान खान किशनगढ़ बास विधायक प्रतिनिधि नवीन खेरिया महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष विनोद कुमारी सांगवान यूथ कांग्रेस जिला अध्यक्ष पवन खटाना संजीव बारेठ धीरूभाई कमल सिंह हेतराम सरपंच जगदीश मेघवाल मंगत सिंह अर्जुन राजपूत हनुमान गुर्जर संदीप अग्रवाल टपूकड़ा ब्लॉक अध्यक्ष अजीज खान संजय गुर्जर सोनू मेघवाल उमेश यादव सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



