बागपत
पत्रकारिता के साथ फिल्मी दुनिया में भी पहचान बना रहे सुरेंद्र मलानिया
पुलिस इंस्पेक्टर की दमदार भूमिकाओं से बनाई अलग छवि
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बागपत। पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी निष्पक्ष और सक्रिय कार्यशैली के लिए पहचाने जाने वाले सुरेंद्र मलानिया ने फिल्मी दुनिया में भी अपनी अलग पहचान बनाई है। दिलचस्प बात यह है कि अब तक उन्होंने जिन अधिकांश फिल्मों, वेब सीरीज और शॉर्ट फिल्मों में अभिनय किया है, उनमें उन्हें पुलिस इंस्पेक्टर की भूमिका निभाने का अवसर मिला है। अपनी प्रभावशाली व्यक्तित्व, दमदार संवाद अदायगी और अनुशासित अभिनय के कारण वे इस किरदार में दर्शकों के बीच खासे लोकप्रिय हो रहे हैं।
सुरेंद्र मलानिया वर्षों से पत्रकारिता से जुड़े हैं और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ अभिनय के प्रति उनके जुनून ने उन्हें फिल्मी दुनिया तक पहुंचाया। शुरुआत छोटे-छोटे किरदारों से हुई, लेकिन उनके अभिनय की गंभीरता और पुलिस अधिकारी जैसी प्रभावशाली छवि को देखते हुए निर्माताओं और निर्देशकों ने उन्हें लगातार पुलिस इंस्पेक्टर के किरदारों में कास्ट करना शुरू कर दिया।
फिल्मों और वेब सीरीज में उनका सख्त लेकिन ईमानदार पुलिस अधिकारी का किरदार दर्शकों को काफी पसंद आता है। वर्दी में उनका व्यक्तित्व और आत्मविश्वास स्क्रीन पर वास्तविक पुलिस अधिकारी का एहसास कराता है। यही वजह है कि आज उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में एक भरोसेमंद कैरेक्टर आर्टिस्ट के रूप में देखा जा रहा है।
सुरेंद्र मलानिया का कहना है कि पत्रकारिता और अभिनय दोनों ही जिम्मेदारी से जुड़े क्षेत्र हैं। पत्रकारिता जहां समाज की सच्चाई सामने लाने का माध्यम है, वहीं अभिनय के जरिए समाज को सकारात्मक संदेश देने का अवसर मिलता है। उनका प्रयास रहता है कि हर भूमिका को पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ निभाएं।
पत्रकारिता और अभिनय के बीच सफल संतुलन बनाते हुए सुरेंद्र मलानिया आज उन चुनिंदा लोगों में शामिल हैं, जिन्होंने दो अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी मेहनत के दम पर पहचान बनाई है। उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा है कि यदि लगन और समर्पण हो तो एक साथ कई क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया जा सकता है।



